Cyclone Alert: दिल्ली-UP-बिहार समेत 12 राज्यों में बारिश और तेज हवाएं, गिरेगा तापमान

Cyclone Alert: दिल्ली-UP-बिहार समेत 12 राज्यों में बारिश और तेज हवाएं, गिरेगा तापमान

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात ‘अर्नब’ का असर देश के कई हिस्सों में दिखाई देने लगा है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो रही है। वहीं बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के दैनिक बुलेटिन के मुताबिक, देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट है। इसका असर पूर्वी, मध्य, उत्तर-पश्चिम और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में देखने को मिलेगा।

दिल्ली-एनसीआर में 3 दिन बारिश, बढ़ेगी ठंड
दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम बदलने से तापमान में गिरावट आने लगी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक अलग-अलग इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। गरज-चमक के साथ बारिश होने से सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ सकती है। पूर्वानुमान के अनुसार 30 अक्टूबर को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

दिल्ली की हवा फिर खराब
बारिश की संभावना के बीच दिल्ली में वायु प्रदूषण भी चिंता बढ़ा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता खराब से बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। पटपड़गंज में सबसे अधिक 291 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके अलावा सिरीफोर्ट में 290, पूसा में 285, आरके पुरम में 284, रोहिणी में 279, ओखला फेज-2 में 272, पंजाबी बाग में 270 और शादीपुर में 258 एक्यूआई रहा।

उत्तर प्रदेश में आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी
चक्रवात का असर उत्तर प्रदेश में भी दिखाई देगा। पूर्वी यूपी के कई जिलों में भारी बारिश की आशंका है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी यूपी में भी कई स्थानों पर बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान है।

बिहार में 31 अक्टूबर तक बारिश के आसार
बिहार में 29 से 31 अक्टूबर के बीच कई इलाकों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

बंगाल के 10 जिलों में भारी बारिश का अनुमान
पश्चिम बंगाल में चक्रवात के प्रभाव से 31 अक्टूबर तक बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्व मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा और पुरुलिया में शुक्रवार सुबह तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में शनिवार सुबह तक तेज बारिश का अनुमान है।

ओडिशा में रेड अलर्ट, 16 जिलों में स्कूल बंद
ओडिशा में चक्रवात के कारण कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है। राज्य सरकार ने गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरि और नबरंगपुर पर विशेष निगरानी रखी है। निचले इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है।
राज्य के 30 में से 16 जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने नबरंगपुर, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरि, गजपति और गंजाम में अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

झारखंड में कई जिलों में स्कूल बंद
झारखंड में भी चक्रवात का असर देखने को मिल रहा है। बारिश को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा में 29 अक्टूबर तक स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है। रांची और आसपास के जिलों में मंगलवार रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM