इंदौर। यहां की एक निजी कंपनी में काम करने वाली युवती पूर्वा सिंह को कम बजट में विदेश घूमने का झांसा देकर 43 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़िता जब थाईलैंड के फुकेट शहर जाने के लिए इंदौर एयरपोर्ट पहुंची, तो वहां टिकट की जांच के दौरान उसे पता चला कि उसके पास मौजूद एयरलाइंस का टिकट नकली है। ठगी का पता चलते ही पीड़िता ने इस घटना की शिकायत तुरंत पुलिस और साइबर सेल में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस ठगी की शुरुआत सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम से हुई, जहां युवती ने थाईलैंड यात्रा से संबंधित एक आकर्षक विज्ञापन देखा था। इसके बाद 19 अप्रैल को उसके मोबाइल ऐप व्हाट्सएप पर यात्रा के विवरण और खर्च से जुड़ा संदेश आया। शुरुआत में अधिक खर्च होने के कारण युवती ने यात्रा से इनकार कर दिया था। कुछ समय बाद जालसाजों ने उसे एक अन्य संदेश भेजा, जिसमें कम कीमत पर फुकेट यात्रा का नया ऑफर दिया गया था। शातिर ठगों ने युवती को विश्वास दिलाने के लिए इंडिगो एयरलाइंस के साथ विशेष व्यावसायिक साझेदारी होने का झूठा दावा भी किया था। सस्ते पैकेज और एयरलाइंस के नाम के झांसे में आकर युवती बुकिंग के लिए तैयार हो गई। जालसाजों ने उसे पैसे जमा कराने के लिए लव गुप्ता नामक व्यक्ति के बैंक खाते की जानकारी दी। युवती ने बिना किसी संदेह के उस खाते में 43 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए और उसे एक विमान टिकट भेज दिया गया।
एयरपोर्ट पर पता चला कि टिकट नकली
गत 6 जुलाई को युवती जब अपनी यात्रा के सपनों के साथ इंदौर एयरपोर्ट पहुंची, तो वहां जांच अधिकारियों ने उसके टिकट को फर्जी घोषित कर दिया। सच सामने आते ही युवती ने तुरंत उस व्यक्ति के फोन नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, जिससे उसकी बात हुई थी। लेकिन, आरोपी का मोबाइल नंबर बंद मिला और संपर्क के लिए दी गई कंपनी की ईमेल आईडी भी फर्जी निकली। खुद को ठगे जाने का अहसास होते ही युवती ने पुलिस थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। फिलहाल पुलिस की साइबर डेस्क इस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है और आरोपियों के बैंक खाते व तकनीकी विवरणों के आधार पर उनकी तलाश में जुटी हुई है।