पश्चिमी मध्यप्रदेश में इस बार गर्मी का दौर 8 महीने से, दो सप्ताह से पारा 35° के पार, दिन में धूप, शाम को उमस!
इंदौर। अक्टूबर का आधा महीना गुजरने को है, लेकिन इंदौर समेत पश्चिमी मध्यप्रदेश में गर्मी का असर अब भी बना हुआ। दिन में तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है तो शाम ढलने के बाद भी गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही। लगातार 12 दिनों से अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। शहर में बीते 8 महीने से लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली।
सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री दर्ज किया गया। आमतौर पर अक्टूबर में शाम होते ही मौसम सुहाना होने लगता है और रात में हल्की ठंडक महसूस होने लगती है, लेकिन इस बार हालात अलग हैं। रात का तापमान सामान्य से कम होने के बावजूद दिनभर की गर्मी का असर शाम तक बना रहता है। रविवार रात न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि सोमवार को यह 16.6 डिग्री पर आ गया। यह सामान्य से करीब 2 डिग्री कम है। इसके बाद भी लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही है। बाजारों, सड़कों और खुले स्थानों पर निकलने वालों को शाम के समय भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
बड़े उतार-चढ़ाव का इतिहास
इंदौर में अक्टूबर के दौरान तापमान में बड़े उतार-चढ़ाव का इतिहास रहा है। मौसम के पुराने रिकॉर्ड के अनुसार, 22 अक्टूबर 2000 को अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, 22 अक्टूबर 1999 को न्यूनतम तापमान गिरकर 6.2 डिग्री तक पहुंच गया था। इसे अक्टूबर की सबसे ठंडी रात का रिकॉर्ड बताया जाता है। वर्ष 2016 से 2025 के बीच भी अक्टूबर में कई बार दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। हालांकि, महीने के आखिरी सप्ताह में आमतौर पर रातें ठंडी होने लगती हैं और तापमान में गिरावट के साथ मौसम में ठंडक बढ़ती है।
अक्टूबर में बारिश का भी जोर
अक्टूबर में इंदौर में तेज बारिश के रिकॉर्ड भी रहे हैं। मौसम के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 1985 में इस महीने 9 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई थी। इसी साल 9 अक्टूबर को 24 घंटे के भीतर 6.19 इंच पानी बरसा था। वर्ष 2013 में अक्टूबर के दौरान करीब 4 इंच बारिश हुई थी, जबकि पिछले साल पूरे महीने में 5.1 इंच बारिश दर्ज की गई थी। इस तरह अक्टूबर में इंदौर ने तेज गर्मी से लेकर कड़ाके की ठंड और भारी बारिश तक का दौर देखा है।

Leave a Reply