तेलंगाना में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात, जमानत पर छूटते ही आरोपी ने परिवार समेत 6 को मार डाला!

रंगा रेड्डी। तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के एक आरोपी ने शुक्रवार की रात जमानत पर जेल से बाहर आते ही खूनी तांडव मचा दिया। प्रतिशोध की आग में जल रहे इस शख्स ने एक के बाद एक कुल 6 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। इस भयावह वारदात में आरोपी ने न केवल अपने ही हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया, बल्कि पीड़िता और उसके परिजनों को भी नहीं बख्शा।

अपनों से शुरू किया कत्लेआम, फिर पीड़िता के घर कहर
क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए आरोपी राजकुमार ने सबसे पहले अपने ही घर में खून की होली खेली। उसने अपनी 30 वर्षीय पत्नी समेत अपने दो मासूम बच्चों, जिनकी उम्र महज 4 साल और 18 महीने थी, की बेरहमी से हत्या कर दी। अपने परिवार को खत्म करने के बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह तुरंत वहां से करीब 6 किलोमीटर दूर स्थित दूसरे गांव के लिए रवाना हुआ। वहां पहुंचकर उसने 17 साल की दुष्कर्म पीड़िता, उसकी मां और उसकी नानी पर जानलेवा हमला कर तीनों को मौत की नींद सुला दिया।

धमकी के बाद भी पुलिस की सुस्ती
इस खौफनाक वारदात के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतका के मामा नरेश ने स्थानीय पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी राजकुमार ने पहले भी उनकी भांजी को प्रताड़ित किया था, जिसके बाद 16 मई को उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामला दर्ज होने के बाद राजकुमार ने एक-दो सप्ताह के भीतर पूरे परिवार को जान से मारने की खुली धमकी दी थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत के बाद भी आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की जहमत नहीं उठाई। पुलिस की ढिलाई का फायदा उठाकर आरोपी घटना के महज दो दिन बाद ही जमानत पर बाहर आ गया था। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को आरोपी के खुलेआम घूमने और जान से मारने की धमकी देने की सूचना भी दी थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अब पीड़ित परिवार न्याय की मांग करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग कर रहा है।

Leave a Comment