भोपाल-इंदौर मेट्रो में नई सुविधा: ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम लागू, टिकट और रिचार्ज पर मिलेगी छूट

भोपाल-इंदौर मेट्रो में नई सुविधा: ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम लागू, टिकट और रिचार्ज पर मिलेगी छूट

     भोपाल। मध्य प्रदेश के मेट्रो यात्रियों के लिए सोमवार से सफर और सुविधाजनक हो गया है। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) ने ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम (AFC) लागू कर दिया है। इस व्यवस्था के जरिए यात्रियों को डिजिटल भुगतान और आसान टिकटिंग की सुविधा मिलेगी। साथ ही टिकट और मोबाइल वॉलेट रिचार्ज पर विशेष छूट भी दी जा रही है।
      नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को कई तरह के लाभ मिलेंगे। एक ही दिन आने-जाने का टिकट लेने पर कुल किराए में 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वहीं 8 से 40 लोगों के समूह में यात्रा करने पर 10 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।

एप से टिकट बुकिंग पर छूट
     यात्रियों के लिए “MP Metro” मोबाइल ऐप भी शुरू किया गया है, जिसके जरिए टिकट बुकिंग और वॉलेट रिचार्ज किया जा सकेगा। ऐप से भुगतान करने पर अलग-अलग राशि के अनुसार छूट तय की गई है। 200 से 499 रुपये के रिचार्ज पर 8 प्रतिशत, 500 से 999 रुपये पर 10 प्रतिशत, 1000 से 1499 रुपये पर 12 प्रतिशत और 1500 से 2000 रुपये तक के रिचार्ज पर 15 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना भी है।

टिकट लेने के अब दो विकल्प
     टिकट लेने के लिए यात्रियों के पास दो विकल्प होंगे। वे काउंटर या ग्राहक सेवा केंद्र से नकद या यूपीआई के जरिए पेपर क्यूआर टिकट ले सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल क्यूआर के माध्यम से “MP Metro” ऐप से ऑनलाइन टिकट भी खरीदा जा सकेगा। यह ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।

किफायती व सुविधाजनक यात्रा
     मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, इस नई प्रणाली से यात्रियों का समय बचेगा और उन्हें अधिक किफायती व सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। साथ ही इससे मेट्रो सेवाओं का उपयोग बढ़ने की भी उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM