नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का आंदोलन एक बार फिर शुरू हो गया है। सोमवार शाम दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शन स्थल खाली कराए जाने के करीब 6 घंटे बाद अभिजीत दीपके अपने समर्थकों के साथ दोबारा जंतर-मंतर पहुंचे और टूटे हुए मंच को फिर से तैयार कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देर रात तक बड़ी संख्या में लोग वहां जुटे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
अभिजीत दीपके ने कहा कि मंगलवार को भी संसद मार्च निकाला जाएगा। उनका कहना है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे सहित संगठन की तीनों मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा और प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर नहीं छोड़ेगे।
कल संसद घेरी थी, आज फिर घेरने का फैसला
सोमवार को सीजेपी समर्थकों ने जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकाला था। सुबह 8 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन शाम 5 बजे तक चला। इस दौरान कई बार प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने जंतर-मंतर खाली करा दिया था। हालांकि रात करीब 11 बजे तक प्रदर्शनकारी फिर से एकत्र हो गए और आंदोलन दोबारा शुरू कर दिया। बताया गया कि पिछले 14 वर्षों में पहली बार प्रदर्शनकारियों की इतनी बड़ी भीड़ संसद के प्रवेश द्वार तक पहुंची। इससे पहले वर्ष 2012 में निर्भया कांड के विरोध प्रदर्शन के दौरान इस क्षेत्र में बड़े स्तर पर प्रदर्शन देखने को मिला था।
प्रतिनिधिमंडल ने नड्डा के सामने अपनी तीन प्रमुख मांगें रखीं
सोमवार की घटनाओं के बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के बीच भी बातचीत हुई। बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने अपनी तीन प्रमुख मांगें रखीं। सूत्रों के अनुसार नड्डा ने प्रतिनिधियों को कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन दिया। इसी दिन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच भी लंबी बैठक हुई। हालांकि बैठक में किन विषयों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई।
सोनम वांगचुक का अनशन जारी रखने का निर्णय
आंदोलन के दौरान अभिजीत दीपके ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। उनके साथ 22 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे तीन अन्य विद्यार्थियों ने भी उपवास खत्म किया। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अनशन जारी रखने का निर्णय लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की। इस बीच दिल्ली हाईकोर्ट ने सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंग्मो की याचिका पर सुनवाई करते हुए वांगचुक की स्वास्थ्य रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई मंगलवार को होगी।
पुलिस वाले भी घायल हुए
नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि सोमवार की झड़पों में 90 से 100 पुलिसकर्मी और 50 से अधिक प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं। मंगलवार को प्रस्तावित संसद मार्च को देखते हुए जंतर-मंतर और संसद मार्ग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी किए जाने की संभावना है।