घोलवड-उमरगाम रोड रेलखंड पर भारी बारिश का रेल सेवा पर असर, पश्चिम रेलवे की कई ट्रेनें निरस्त!

इंदौर। मुंबई रेल मंडल में मूसलाधार बारिश और घोलवड-उमरगाम रोड रेलखंड पर पानी भरने की वजह से ट्रेनों की आवाजाही पर गंभीर असर पड़ा है। इस वजह से रतलाम मंडल से गुजरने वाली पश्चिम रेलवे कई मुख्य ट्रेनों को रद्द करने के साथ ही उनके रास्तों में बदलाव किया गया है। कुछ गाड़ियों को बीच रास्ते में ही रोकने और वहीं से वापस चलाने का फैसला लिया गया है।
पश्चिम रेलवे के मुंबई मंडल में जलजमाव की वजह से पटरियों पर पानी आ गया, जिससे रेल यातायात सुरक्षा के लिहाज से बाधित हुआ है। यात्रियों की असुविधा को देखते हुए रेलवे ने कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस और मेल गाड़ियों को पूरी तरह बंद कर दिया है, जबकि कई ट्रेनों के सफर को बीच के स्टेशनों तक ही सीमित कर दिया गया है।

पूरी तरह निरस्त रहने वाली प्रमुख ट्रेनें
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने बड़ी संख्या में गाड़ियों को निरस्त किया है। इसमें 23 और 24 जुलाई 2026 को चलने वाली इंदौर-मुम्बई सेंट्रल अवंतिका एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12962) शामिल है। इसके अलावा 23 July को मुंबई सेंट्रल-इंदौर दुरंतो एक्सप्रेस (12227), वलसाड-हिसार साप्ताहिक स्पेशल (04728), बांद्रा टर्मिनस-बरौनी एक्सप्रेस (19037) और अजमेर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (12996) का संचालन नहीं होगा।
इस क्रम में 24 जुलाई को इंदौर से रवाना होने वाली इंदौर-मुंबई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस (12228), बांद्रा टर्मिनस-हरिद्वार एक्सप्रेस (19019) और बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस-अजमेर (12995) भी रद्द रहेंगी। आगे के दिनों में 25 जुलाई को अमृतसर-मुंबई सेंट्रल गोल्डन टेम्पल मेल (12904), हरिद्वार-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (19020) और अमृतसर मुंबई सेंट्रल पश्चिम एक्सप्रेस (12926) नहीं चलेंगी। वहीं बरौनी से 26 जुलाई को चलने वाली बरौनी-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (19038) को भी निरस्त कर दिया गया है।

बीच रास्ते में रोकी गईं और वहीं से चलने वाली ट्रेनें
रेल पटरी पर जलभराव के चलते कई गाड़ियों को उनके तय गंतव्य से पहले ही समाप्त किया गया है और वहीं से वापस चलाया जा रहा है। जयपुर से 22 जुलाई को चली जयपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (12980) को वडोदरा में ही समाप्त कर दिया गया, जिसके कारण यह वडोदरा से बांद्रा टर्मिनस के बीच रद्द रही। इसी तरह 23 जुलाई को बांद्रा टर्मिनस से चलने वाली बांद्रा टर्मिनस-जयपुर एक्सप्रेस (12979) बांद्रा के बजाय वडोदरा स्टेशन से बनकर रवाना हुई।
अन्य गाड़ियों में 22 जुलाई की एर्नाकुलम निजामुद्दीन एक्सप्रेस (22655) को उमरगाम रोड पर समाप्त किया गया और यह उमरगाम रोड से निजामुद्दीन के बीच निरस्त रही। वहीं 22 जुलाई को हिसार से निकली हिसार-वलसाड स्पेशल (04727) मारोली तक ही चली। 22 July की ही अमृतसर-मुंबई सेंट्रल गोल्डन टेम्पल मेल (12904) को रतलाम स्टेशन पर ही रोक दिया गया, जिससे यह रतलाम से मुंबई सेंट्रल के बीच नहीं चल सकी। इसके अलावा 23 जुलाई को दाहोद से चलने वाली दाहोद-वलसाड इंटरसिटी एक्सप्रेस (19012) को कोसाड स्टेशन से शुरू किया गया और यह कोसाड से वलसाड के बीच निरस्त रखी गई। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति की जांच अवश्य कर लें।

Leave a Comment