‘एयर इंडिया एक्सप्रेस’ में आधे किराए में हवाई सफर का मौका, 50 लाख सीटों पर छूट

‘एयर इंडिया एक्सप्रेस’ में आधे किराए में हवाई सफर का मौका, 50 लाख सीटों पर छूट

    नई दिल्ली। गर्मी की छुट्टियों में घूमने जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए सस्ती हवाई यात्रा का शानदार अवसर सामने आया है। टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी ‘एयर इंडिया एक्सप्रेस’ ने अपनी विशेष बिक्री योजना शुरू करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर यात्रियों को लाइट और वैल्यू किरायों में 50 प्रतिशत तक की छूट के साथ 50 लाख सीटों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
    कंपनी के अनुसार इस विशेष बिक्री योजना में 27 मई से 31 मई 2026 तक टिकटों की बुकिंग की जा सकेगी। इन टिकटों पर यात्री 15 जून से 10 अक्टूबर 2026 के बीच यात्रा कर सकेंगे। छुट्टियों और त्योहारों के मौसम को ध्यान में रखते हुए यह योजना यात्रियों के लिए राहत भरी मानी जा रही है।

बुकिंग का विशेष मौका 
    एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 27 मई को अपनी आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल अनुप्रयोग पर ग्राहकों को पहले बुकिंग करने का विशेष अवसर दिया है। इसके तहत यात्रियों को सामान्य बिक्री शुरू होने से पहले टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी। वहीं 28 मई से यह योजना सभी प्रमुख बुकिंग मंचों पर उपलब्ध करा दी जाएगी। कंपनी ने यह भी घोषणा की है कि उसकी आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल अनुप्रयोग के माध्यम से की जाने वाली सभी बुकिंग पर सुविधा शुल्क नहीं लिया जाएगा। इससे यात्रियों को अतिरिक्त बचत का लाभ मिलेगा।

सदस्यों को खास छूट 
    इस विशेष योजना के तहत टाटा न्यू पास सदस्यों को भी अतिरिक्त लाभ दिए जा रहे हैं। लॉग-इन करने वाले सदस्यों को बिजनेस क्लास किराए पर 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इसके अलावा उड़ान बुकिंग पर 300 रुपए तक की अतिरिक्त छूट का लाभ भी दिया जाएगा। कंपनी के अनुसार सदस्य यात्रा बुक करने पर 8 प्रतिशत तक न्यू कॉइन्स भी अर्जित कर सकेंगे। इसके साथ ही गोरमेर गर्म भोजन, सामान्य और प्राइम सीट चयन तथा अतिरिक्त सामान सुविधा पर 30 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। अतिरिक्त सामान सुविधा में 10 किलोग्राम एक्सप्रेस चेक-इन और 3 किलोग्राम अतिरिक्त केबिन सामान जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

खास लोगों को खास फायदे 
    बिजनेस क्लास यात्रियों के लिए भी कई विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें अधिक लेगरूम, मुफ्त गर्म भोजन, ज्यादा चेक-इन सामान ले जाने की अनुमति और प्राथमिकता आधारित सेवाएं शामिल हैं। कंपनी का कहना है कि यात्रियों को आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने के उद्देश्य से यह योजना तैयार की गई है। गर्मी की छुट्टियों के दौरान हवाई यात्रा की मांग बढ़ने के बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस की यह विशेष बिक्री योजना यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकती है। कम किराए में घरेलू और विदेश यात्रा का अवसर मिलने से बड़ी संख्या में यात्री इसका लाभ उठा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM