इंदौर हवाई अड्डे पर सोना तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, कस्टम सहायक और एयरलाइन कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार!

इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चल रहे अवैध सोना तस्करी के एक संगठित गिरोह को राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने नाकाम कर दिया। इस कार्रवाई में सीमा शुल्क (कस्टम) विभाग के एक कार्यकारी सहायक और एयर इंडिया एक्सप्रेस के कर्मचारी सहित 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है। जांच टीम ने आरोपियों के पास से 1.02 किलोग्राम वजनी विदेशी सोना बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 1.44 करोड़ रुपए आंकी गई है।

एयरोब्रिज पर सामान अदला-बदली की योजना
खुफिया इनपुट के आधार पर की गई जांच में गिरोह की कार्यप्रणाली का खुलासा हुआ। अबू धाबी से आने वाले यात्री जैसे ही प्लेन से उतरते, वे सीमा शुल्क जांच क्षेत्र में जाने से पहले ही एयरोब्रिज पर सोना एयरलाइन कर्मचारी को सौंप देते थे। इसके बाद वह कर्मचारी एयरोब्रिज की सीढ़ियों से उतरकर आव्रजन और सुरक्षा जांच को दरकिनार करते हुए सोना परिसर से बाहर ले जाता था। इस पूरे खेल में सीमा शुल्क विभाग के कार्यकारी सहायक की साठगांठ भी सामने आई है।

व्यापक नेटवर्क की आशंका
जांच अधिकारियों के अनुसार यह कोई सामान्य तस्करी नहीं, बल्कि एक सुनियोजित और बड़े सिंडिकेट का काम है। एजेंसी गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि गिरोह में शामिल अन्य मददगारों और पूर्व में की गई संभावित तस्करी के मामलों की सटीक जानकारी जुटाई जा सके। इंदौर एयरपोर्ट पर खाड़ी देशों से आने वाली उड़ानों के जरिए पहले भी सोने के अवैध परिवहन के मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

Leave a Comment