महाराष्ट्र में पतंजलि घी पर FDA की कार्रवाई, 2,279.7 लीटर जब्त, 19 इकाइयों के लाइसेंस निलंबित, मिलावट की आशंका!
मुंबई। महाराष्ट्र में त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे की अगुवाई में चलाए गए विशेष अभियान के तहत खाद्य कारोबार से जुड़ी 19 इकाइयों के लाइसेंस और पंजीकरण निलंबित किए गए हैं। इनमें पतंजलि आयुर्वेद का एक सुपर डिस्ट्रीब्यूटर भी शामिल है। राज्य के 7 मंडलों में 114 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान करीब 3.53 लाख किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी कीमत 9.01 करोड़ रुपए है।
पतंजलि गाय के घी की 4,032 इकाइयां जब्त
छत्रपति संभाजीनगर में पतंजलि आयुर्वेद के सुपर डिस्ट्रीब्यूटर मेसर्स दिव्य महावितरक के यहां से 20.20 लाख रुपए मूल्य का 2,279.7 लीटर गाय का घी जब्त किया गया। एफडीए को इसकी लेबलिंग में गड़बड़ी मिली और मिलावट की आशंका जताई गई है।
जब्त घी में 1,349.1 लीटर की 2,998 इकाइयां और 930.6 लीटर की 1,034 इकाइयां शामिल हैं। शुरुआती जांच में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के उल्लंघन की बात सामने आई है। हालांकि, मिलावट की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी।
गंदगी, नियमों की अनदेखी पर 19 लाइसेंस निलंबित
मुंबई, अमरावती और छत्रपति संभाजीनगर मंडलों में नमकीन, मिठाई और मसाला बनाने वाली इकाइयों सहित 19 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। जांच में अस्वच्छ परिस्थितियों में उत्पादन, खाद्य सामग्री का अनुचित भंडारण, कीट नियंत्रण और सफाई का रिकॉर्ड नहीं रखने तथा जरूरी दस्तावेजों के अभाव जैसी खामियां मिलीं।
भिवंडी में 1.44 लाख किलो खाद्य तेल जब्त
ठाणे जिले के भिवंडी में एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड के यहां से 1,44,218 किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किया गया। सतारा के अमीन ट्रेडर्स से 20,560 किलोग्राम चावल, दाल, गुड़ और अन्य खाद्य सामग्री जब्त की गई। पुणे मंडल में स्वाति ऑयल मिल्स और सोलापुर के एसजी ट्रेडर्स के यहां भी खाद्य तेल पर कार्रवाई हुई। 28 से 31 अक्टूबर के बीच 17 प्रतिष्ठानों से 79.40 लाख रुपए के प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। इस दौरान 13 प्राथमिकी दर्ज हुईं, 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया, 7 प्रतिष्ठान सील किए गए और 6 वाहन जब्त हुए।
34 होटल-ढाबों की जांच, 29 नोटिस जारी
एफडीए ने नासिक, छत्रपति संभाजीनगर और नागपुर मंडलों में 34 होटल, रेस्तरां और ढाबों का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर 29 सुधार नोटिस जारी किए गए। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने टाटा 1एमजी मरीन कोलेजन पाउडर की लेबलिंग और विज्ञापन में कथित उल्लंघन को लेकर टाटा 1एमजी हेल्थकेयर सॉल्यूशंस, एसीएफओ फार्मास्यूटिकल्स, अमेजन सेलर सर्विसेज और फ्लिपकार्ट इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। कंपनियों को 30 दिन में जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply