इंदौर में पौधारोपण का नया विश्व रिकॉर्ड, 2024 में लगाए 12.41 लाख पौधे, अब 13.10 लाख पेड़ मिले, ‘एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ का सत्यापन!

इंदौर। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में इंदौर ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है। रेवती रेंज में वर्ष 2024 में लगाए गए 12 लाख 41 हजार से अधिक पौधों में से वर्तमान में 13 लाख 10 हजार 12 पेड़ मौजूद पाए गए हैं। एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने रविवार को इसकी घोषणा की। एक ही स्थान पर बड़े पैमाने पर पौधे लगाकर 2 साल तक उनका संरक्षण करने और उन्हें पेड़ों में बदलने का यह विश्व रिकॉर्ड दर्ज किया गया है।
एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ने 7 अगस्त से रेवती रेंज में पेड़ों की गिनती और सत्यापन शुरू किया था। संस्था के अध्यक्ष अंतिम जैन ने बताया कि जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना था कि 2024 में लगाए गए पौधों में से कितने सुरक्षित और जीवित हैं। पौधों के संरक्षण के साथ मृत पौधों की जगह नए पौधे लगाने के लिए रेवती रेंज में नर्सरी भी तैयार की गई थी।
रिकॉर्ड की घोषणा के साथ रविवार को रेवती रेंज में 51 हजार पौधे भी रोपे गए। शहर के नागरिकों और विद्यार्थियों ने अभियान में हिस्सा लिया। इससे पहले शनिवार को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत यहां पौधारोपण किया था।

यह रेंज अब हरियाली से भर गई
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कहा कि रेवती रेंज में केवल रिकॉर्ड बनाने के लिए पौधे नहीं लगाए गए, बल्कि 2 साल तक उनके पालन-पोषण और संरक्षण पर भी ध्यान दिया गया। कभी पथरीली जमीन के रूप में पहचानी जाने वाली यह रेंज अब हरियाली से भर गई है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के बाद इंदौर को हरित शहर बनाने की दिशा में आगे बढ़ना होगा।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि 9 अगस्त का दिन भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत के लिए याद किया जाता है और आज क्रांतिकारियों को नमन करने का दिन है। उन्होंने पेड़ों को भगवान शिव के समान बताते हुए कहा कि जिस तरह पेड़ कार्बन डाइऑक्साइड ग्रहण कर ऑक्सीजन देते हैं, उसी तरह पौधारोपण प्रकृति की रक्षा का काम करता है। उन्होंने कहा कि रेवती रेंज में 12 लाख 41 हजार पौधे लगाकर इंदौर ने 12 लाख 41 हजार शिवालय बनाने जैसा काम किया है।

रेवती रेंज में पेड़ों की गिनती
विजयवर्गीय ने कहा कि एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के करीब 100 लोग 7 अगस्त से रेवती रेंज में पेड़ों की गिनती कर रहे थे। इंदौर को स्वच्छ बनाने के बाद अब हरित बनाने का संकल्प लिया गया है। इस वर्ष 21 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है और अभियान प्रत्येक रविवार को जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से जन्मदिन पर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। रेवती रेंज में पौधा उपलब्ध कराने के साथ उसके लिए गड्ढा भी तैयार रखा जाएगा।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर को स्वच्छ शहर के साथ हरित शहर बनाने के लिए हरित क्षेत्र को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए अलग-अलग वर्षों में पौधारोपण के लक्ष्य तय किए गए हैं। पहले वर्ष 1 लाख, दूसरे वर्ष 5 लाख, तीसरे वर्ष 51 लाख, चौथे वर्ष 13 लाख और पांचवें वर्ष 21 लाख पौधे लगाने के संकल्प के साथ अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है।

2024 के पौधों की दोबारा गिनती
रेवती रेंज में 2024 में लगाए गए पौधों की दोबारा गिनती भी कराई जा रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि लगाए गए पौधों में से कितने अब भी जीवित और सुरक्षित हैं। आयोजकों के मुताबिक बड़ी संख्या में पौधों के जीवित मिलने से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में इंदौर की उपलब्धि और मजबूत होगी। लोगों से रेवती रेंज पहुंचकर गिनती और सत्यापन की प्रक्रिया देखने तथा एक पौधा लगाकर अभियान से जुड़ने की अपील की गई है।

Leave a Comment