भोपाल। चार इमली इलाके में एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की 17 वर्षीय बेटी ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की मां न्यायिक सेवा में पदस्थ हैं। सूचना मिलने के बाद हबीबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस को छात्रा के पास से एक पत्र मिला है। इसमें उसने अपने माता-पिता के प्रति प्यार जताते हुए लिखा ‘मम्मी-पापा, मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं, लेकिन अच्छी बेटी नहीं बन सकी हूं। मुझे माफ कर दीजिए!’ हालांकि उसने अपनी मौत के पीछे की वजह का कहीं जिक्र नहीं किया है।
मोबाइल फोन को लेकर हुई थी समझाइश
मृतका अपने पिता आईपीएस संजीव कंचन और मां रेणुका कंचन के साथ रहती थी। रेणुका कंचन गैस राहत न्यायालय में न्यायाधीश हैं। मां ने बताया कि बेटी के मोबाइल फोन को लेकर उससे पूछताछ और समझाइश की गई थी। उनका कहना है कि मोबाइल उन्होंने नहीं दिलाया था। संभव है कि इसी बात को लेकर वह नाराज रही हो।
पुलिस ने मोबाइल और पत्र जब्त किया
हबीबगंज थाना पुलिस ने मौके से छात्रा का मोबाइल फोन और लिखित पत्र जब्त कर लिया है। अब मोबाइल की जांच के साथ अन्य पहलुओं पर भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों के बयान भी दर्ज करेगी।
3 महीने की उम्र में लिया था गोद
जानकारी के अनुसार आईपीएस अधिकारी और न्यायाधीश दंपती ने छात्रा को 3 महीने की उम्र में गोद लिया था। दोनों ने उसे बेहद स्नेह और देखभाल के साथ पाला। वह भोपाल के एक प्रतिष्ठित विद्यालय में पढ़ाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि पढ़ाई में उसका प्रदर्शन सामान्य चल रहा था। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।