अब मानसून सत्र के बाद ही होगा मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार, टलने के पीछे भी कारण, विपक्ष के हमलों से नए मंत्रियों को बचाना भी सरकार की रणनीति

नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी सरकार के पिछले साल जून में एक साल पूरा होने पर बदलाव की जो चर्चा शुरू हई थी, इस साल जून बीतने के बाद भी जारी है। अब कहा जा रहा है कि सरकार में फेरबदल संसद के मानसून सत्र के बाद ही होगा।

मोदी अभी विदेश यात्रा पर
असल में प्रधानमंत्री मोदी 11 जुलाई तक तीन देशों की यात्रा पर हैं। वे इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के दौरे पर रहेंगे। इससे पहले वे सेशेल्स और उससे पहले जून में फ्रांस व स्लोवाकिया की यात्रा पर गए थे। मई में प्रधानमंत्री संयुक्त अरब अमीरात, नार्वे, नीदरलैंड, स्वीडन और इटली की यात्रा पर गए थे। हर यात्रा से पहले और उसके बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चा होती है।

विदेश यात्रा से लौटने के बाद संसद का सत्र शुरू
प्रधानमंत्री मोदी 11 जुलाई को विदेश दौरे से वापस लौटेंगे और उसके बाद संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शूरू हो रहा है और 13 अगस्त तक चलेगा। उसके बाद 15 अगस्त के समारोह होंगे। कुल मिलाकर 12 से 19 जुलाई के बीच के दिनों में फेरबदल नहीं होता है, तो इसका अर्थ होगा कि स्वतंत्रता दिवस के बाद ही मंत्रिमंडल में फेरबदल होगी।

विपक्ष से बचने की रणनीति
जानकार सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री नहीं चाहते हैं कि संसद के मानसून सत्र में वे नए मंत्रियों को विपक्ष के सामने उतारें। ध्यान रहे मानसून सत्र में सरकार कई ऐसे विधेयक लाने की तैयारी कर रही है, जिनको लेकर विवाद चल रहा है। संविधान के 130वें और 131वें संशोधन विधेयक को लेकर सरकार और विपक्ष आमने सामने हैं। इसके अलावा राम मंदिर में चढ़ावा चोरी से लेकर पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने और परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों को लेकर सरकार बैकफुट पर है।

विपक्ष ये मुद्दे संसद में उठाएगे

मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर और तृणमूल कांग्रेस व उद्धव ठाकरे की शिव सेना के टूटने का मामला भी विपक्ष संसद में उठाएगा। ऐसे में कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी संसद सत्र तक पुराने मंत्रियों को रखना चाहते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि नरेंद्र मोदी सरकार में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहे हैं इसलिए सत्र बीतने का इंतजार करेंगे। हालांकि एक दूसरा समूह ऐसे नेताओं का है, जो हर दिन अपना नाम मीडिया में चलवा रहा है, उनका कहना है कि प्रधानमंत्री के इस बार विदेश से लौटते ही मंत्रिमंडल में फेरबदल होगी। ऐसी कितनी डेडलाइन पहले निकल चुकी है।

Leave a Comment