राजपाल यादव की बढ़ी मुश्किलें, 25 लाख के चेक बाउंस मामले में वारंट जारी
महू। अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। महू के सिविल न्यायालय ने चेक बाउंस से जुड़े मामले में अभिनेता के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है। अदालत ने संबंधित पुलिस थाने को वारंट की तामील और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब राजपाल यादव को 13 अक्टूबर तक न्यायालय में उपस्थित होना होगा।
मामला महू निवासी फिल्म फाइनेंसर प्रकाश जाजू से जुड़ा है। प्रकरण में जाजू की ओर से अधिवक्ता राधेश्याम अग्रवाल पैरवी कर रहे हैं। उनके मुताबिक प्रकाश जाजू लंबे समय से फिल्म उद्योग से जुड़े हैं और फिल्मों के लिए वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराते हैं।
25 लाख के लेनदेन का मामला
अधिवक्ता के अनुसार राजपाल यादव को 25 लाख रुपए दिए गए थे। रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हुआ था। भुगतान वापस करने के लिए अभिनेता की ओर से भविष्य की तारीख वाले चेक दिए गए। तय समय पर जब चेक बैंक में जमा कराए गए तो वे भुगतान के बिना वापस लौट आए। इसके बाद फाइनेंसर की ओर से न्यायालय में परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत परिवाद प्रस्तुत किया गया।
सुनवाई के दौरान पंचम व्यवहार न्यायाधीश फरहान मसूद कुरैशी की अदालत ने राजपाल पुत्र नौरंग यादव, निवासी रुनवाल हाइट, लोखंडवाला के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया। अदालत के आदेश के बाद अभिनेता को निर्धारित तारीख तक न्यायालय के समक्ष उपस्थित होना होगा। मामले में आगे की कार्रवाई आगामी सुनवाई और न्यायालय के समक्ष उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर होगी। प्रकाश जाजू मूल रूप से महू के निवासी हैं और वर्तमान में मुंबई में रहते हैं।

Leave a Reply