पुणे के कॉलेज की लिफ्ट में 12 घंटे कैद रही छात्रा, रातभर किसी को नहीं लगी भनक, अगली सुबह लिफ्ट से सुरक्षित निकाला!

पुणे के कॉलेज की लिफ्ट में 12 घंटे कैद रही छात्रा, रातभर किसी को नहीं लगी भनक, अगली सुबह लिफ्ट से सुरक्षित निकाला!

पुणे। कॉलेज से घर लौटने निकली 19 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा को शायद ही अंदाजा रहा होगा कि उसे पूरी रात लिफ्ट के भीतर गुजारनी पड़ेगी। बिजली की बार-बार आवाजाही के बीच लिफ्ट अचानक बंद हो गई और वह उसके अंदर फंसकर रह गई। कॉलेज परिसर में उस वक्त कोई दूसरा छात्र मौजूद नहीं था। नतीजतन, रातभर किसी को उसके लिफ्ट में फंसे होने की खबर तक नहीं लगी। करीब 12 घंटे बाद पुलिस ने अगली सुबह उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
मामला पुणे जिले के लोनी कालभोर स्थित एमआईटी कॉलेज का है। पुलिस के मुताबिक, शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच छात्रा अपना लेक्चर खत्म होने के बाद घर जाने के लिए निकली थी। वह पांचवीं मंजिल से लिफ्ट के जरिए नीचे आ रही थी। इसी दौरान बिजली बार-बार गुल होने से लिफ्ट बीच में ही अटक गई। छात्रा ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट का दरवाजा नहीं खुला। उस समय कॉलेज में वह आखिरी छात्रा थी, इसलिए किसी को घटना का पता नहीं चल सका।

घर नहीं पहुंची तो परिवार ने की तलाश
शाम बीतने के बाद भी जब छात्रा घर नहीं पहुंची तो परिवार की चिंता बढ़ गई। उसके माता-पिता और कॉलेज में ही पढ़ने वाली बहन ने पहले अपने स्तर पर तलाश की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिवार ने बुधवार रात करीब 9 बजे लोनी कालभोर पुलिस थाने में गुमशुदगी की सूचना दी।
लोनी कालभोर के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक समाधान पवार के मुताबिक, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कॉलेज परिसर के साथ आसपास की इमारतों और इलाकों में भी खोजबीन की। सुबह करीब 5 बजे तक तलाशी जारी रही।

सुबह 7 बजे लिफ्ट से निकाली गई
तलाशी के दौरान पुलिस को छात्रा कॉलेज की पांचवीं मंजिल पर लगी लिफ्ट के भीतर मिली। शाम से बंद लिफ्ट में वह लगभग 12 घंटे तक फंसी रही थी। सुबह करीब 7 बजे उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बेटी के मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को बताया कि अब उन्हें कोई शिकायत नहीं है।
हालांकि, इस घटना को पुलिस ने कॉलेज प्रबंधन की जिम्मेदारी से जुड़ा गंभीर मामला माना है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कॉलेज को पत्र भेजकर पूछा गया है कि लिफ्ट के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही तकनीकी खामियों को दूर करने और लिफ्ट की नियमित जांच सुनिश्चित करने के बारे में भी जानकारी मांगी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM