इंदौर की सड़कें जाम से बेहाल, पुलिस घर-घर चालान पहुंचाने में व्यस्त, चंदन नगर से अम्मान नगर तक भारी जाम, एम्बुलेंस भी फंसी!
इंदौर। शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था की दो तस्वीरें एक साथ दिखाई दे रही हैं। एक तरफ चंदन नगर से अम्मान नगर तक वाहन डेढ़ घंटे तक जाम में फंसे रहे। मरीजों को अस्पताल ले जा रही 108 एम्बुलेंस को भी रास्ता नहीं मिला और मौके पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी नजर नहीं आए। दूसरी तरफ यातायात पुलिस ट्रैफिक साथी ऐप पर मिल रही शिकायतों के आधार पर वाहन चालकों के चालान काटने और उनकी सूचना देने घर-घर पहुंच रही है।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब शहर के व्यस्त मार्गों पर यातायात संभालने के लिए पुलिसकर्मी नहीं दिखते, तब नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई में विभाग की सक्रियता कहां तक असरदार साबित होगी? मंगलवार को चंदन नगर से अम्मान नगर के बीच करीब 1.30 घंटे तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। सड़क पर आवाजाही लगभग ठप हो गई। वाहन चालक लगातार हॉर्न बजाते रहे, लेकिन जाम खुलवाने के लिए कोई व्यवस्था नजर नहीं आई। आखिरकार कई लोगों को मुख्य मार्ग छोड़कर संकरी गलियों से निकलना पड़ा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस मार्ग पर जाम रोज की समस्या बन चुका है। मंगलवार को हालात ज्यादा बिगड़े तो एम्बुलेंस भी इसमें फंस गई। आपातकालीन वाहन को रास्ता दिलाने के लिए भी कोई ट्रैफिककर्मी मौजूद नहीं था।
शिकायत मिलते ही चालान घर पर
शहर में यातायात पुलिस की दूसरी गतिविधि ट्रैफिक साथी ऐप के जरिए चल रही है। ऐप के सिविलियन रिपोर्ट विकल्प से नागरिक यातायात नियम तोड़ने वाले वाहनों की तस्वीरें और शिकायतें पुलिस तक पहुंचा रहे हैं। पुलिस इनकी जांच के बाद उल्लंघन की पुष्टि होने पर चालान जारी कर रही है। कई मामलों में पुलिसकर्मी वाहन मालिकों के घर पहुंचकर चालान की जानकारी भी दे रहे हैं और नियमों का पालन करने की समझाइश दे रहे हैं। ऐप पर चलती गाड़ी में मोबाइल चलाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने, गलत नंबर प्लेट, सीट बेल्ट नहीं लगाने, विपरीत दिशा में गाड़ी चलाने और गलत पार्किंग की शिकायत मिल रही हैं। पुलिस इनका सत्यापन कर मोबाइल या ईमेल के जरिए कार्रवाई की सूचना देती है। वरिष्ठ अधिकारी भी शिकायतों और उन पर हुई कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं।
सड़कों पर पुलिस जरूरी, पर नदारद
यातायात नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए नागरिकों की भागीदारी और चालान की कार्रवाई जरूरी है, लेकिन केवल शिकायतों पर कार्रवाई से शहर की यातायात समस्या हल नहीं होगी। चंदन नगर जैसे व्यस्त मार्गों पर नियमित पुलिस तैनाती, जाम खुलवाने और एम्बुलेंस को तत्काल रास्ता दिलाने की व्यवस्था भी उतनी ही जरूरी है।
शहरवासियों के सामने सवाल यही है कि पुलिस नियम तोड़ने वालों तक घर पहुंच रही है, लेकिन जिन सड़कों पर रोज जाम लग रहा है, वहां यातायात संभालने के लिए उसकी नियमित मौजूदगी क्यों नहीं दिखाई देती? चालान से नियमों का पालन कराया जा सकता है, लेकिन सड़क पर जाम से राहत देने के लिए पुलिस की मौके पर सक्रियता भी जरूरी है।

Leave a Reply