इंदौर में प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप नागर की ऑफिस में मौत, पुलिस जांच जारी

इंदौर। पलासिया थाना क्षेत्र में 55 वर्षीय प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप नागर उर्फ बंटी नागर ने रविवार शाम अपने कार्यालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वे गुलमोहर कॉलोनी के रहने वाले थे और साकेत चौराहे के पास उनका कार्यालय था। शाम करीब 5 बजे परिजनों और रिश्तेदारों को घटना की जानकारी मिली। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में एमवाय अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को एमवाय अस्पताल की मर्चुरी में रखवाकर मर्ग कायम किया है।
संदीप नागर पिता मनोहरलाल नागर लंबे समय से रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े थे। शहर के बायपास क्षेत्र सहित कई इलाकों में बिल्डरों और कारोबारियों के साथ उनका प्रॉपर्टी और निवेश से जुड़ा काम था। वे कई टाउनशिप और कॉलोनियों के विस्तार से जुड़े रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिचित कई बिल्डर और कारोबारी एमवाय अस्पताल पहुंचे।

आत्महत्या की वजह साफ नहीं
पलासिया थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह रघुवंशी के मुताबिक, संदीप नागर ने अपने कार्यालय में ही फांसी लगाई। निजी अस्पताल से पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसीपी नीति दंडोतिया ने बताया कि शुरुआती जांच में फांसी लगाने की बात सामने आई है। परिवार के सदस्यों से बातचीत कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से संदीप नागर की तबीयत भी खराब चल रही थी। हालांकि, उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसका अभी पता नहीं चला है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मोबाइल फोन कब्जे में लिया
घटना के बाद पुलिस ने उनका मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है। कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले कार्यालय में उनसे कौन-कौन लोग मिलने आए थे। उनके कारोबार से जुड़े लोगों और परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाली जानकारी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आत्महत्या के कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

Leave a Comment