जबलपुर के एआरटीओ संतोष पाल और क्लर्क रेखा पाल की ₹3.38 करोड़ की प्रॉपर्टी ED ने जब्त की

जबलपुर के एआरटीओ संतोष पाल और क्लर्क रेखा पाल की ₹3.38 करोड़ की प्रॉपर्टी ED ने जब्त की

ED seizes assets MP transport officials

मध्यप्रदेश | 31 दिसंबर 2025 | NEWSPOINTMP

वैध आय ₹73.26 लाख के साथ दोनों ने लगभग ₹4.80 करोड़ की संपत्ति अर्जित की 

भोपाल। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भोपाल ने मध्य प्रदेश के परिवहन विभाग के जबलपुर में पदस्थ सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) संतोष पाल और सीनियर क्लर्क रेखा पाल की 3.38 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया। ईडी ने यह कार्यवाही आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) भोपाल द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत संतोष पाल और रेखा पाल के विरुद्ध दर्ज एफआईआर के आधार पर जांच के बाद की है। 

संपत्ति जब्ती पीएमएलए 2002 के प्रावधान के आधार पर की है। इन पर आय के घोषित सोर्स से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। उन्होंने कमाई से करीब साढ़े छह गुना ज्यादा की संपत्ति खड़ी की। ईडी की जांच में यह पता चला कि इन लोक सेवकों ने जांच अवधि के दौरान अपनी वैध आय से काफी अधिक चल और अचल संपत्ति अर्जित की थी।

आमदनी 73.26 लाख, कमा लिए 4.80 करोड़
ईडी की जांच में पता चला कि 73.26 लाख रुपए की सत्यापित वैध आय के साथ संतोष पाल और रेखा पाल ने लगभग 4.80 करोड़ रुपए की संपत्ति अर्जित की और खर्च किए। इसके परिणामस्वरूप लगभग 4.06 करोड़ रुपए की अनुपातहीन संपत्ति बन गई। जांच में ईएमआई भुगतान से ठीक पहले उनके बैंक खातों में सुनियोजित तरीके से बार-बार नकद जमा किए जाने का पता चला, जिससे खुलासा हुआ कि इन्होंने बेहिसाब नकदी को बैंकिंग प्रणाली में शामिल किया था।

जबलपुर का मकान, भूखंड जब्त किए
ईडी ने दोनों ही शासकीय सेवक आरोपियों की जब्त की गई संपत्तियों में जबलपुर जिले में स्थित आवासीय मकान, आवासीय भूखंड, कृषि भूमि और व्यवसायिक दुकानें शामिल हैं, जिन्हें अपराध की आय के रूप में अस्थायी रूप से जब्त किया गया है। ईओडब्ल्यू ने संतोष पाल के यहां तीन साल पहले अगस्त 2022 में छापेमारी की थी। इस जांच में जबलपुर के आरटीओ के पास 16 लाख नकद मिले थे। घर में पाल ने अपना निजी थिएटर तक बना रखा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM