सबसे करीबी दोस्त ही बनेंगा दुश्मन? सपा-कांग्रेस की खींचतान किसके लिए सिरदर्द?
लोकसभा चुनाव 2024 में शानदार प्रदर्शन के बाद समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के हौसले बुलंद हैं। दोनों दलों ने मिलकर उत्तर प्रदेश में भाजपा को कड़ी चुनौती दी थी। लेकिन अब विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले सीटों के बंटवारे को लेकर यही दोनों पार्टियां आमने-सामने नजर आ रही हैं। नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर जारी है और जिस गठबंधन को भाजपा के खिलाफ विपक्ष की सबसे मजबूत ताकत माना जा रहा था, उसके भीतर ही दरार के संकेत दिखाई देने लगे हैं।
सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से लेकर समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव और शिवपाल सिंह पटेल तक, कई नेताओं के बयानों ने सीट बंटवारे के विवाद को और हवा दी है। सवाल यह है कि क्या लोकसभा चुनाव में एक-दूसरे की ताकत बने सपा और कांग्रेस विधानसभा चुनाव आते-आते एक-दूसरे के लिए “सिर का दर्द” बन जाएंगे?
दरअसल, सीट बंटवारे को लेकर औपचारिक बातचीत शुरू होने से पहले कांग्रेस ने 180 से अधिक सीटों पर अपना दावा पेश किया था। पहली बैठक के बाद यह संख्या घटकर करीब 125 रह गई। इसके बाद दूसरे दौर की बातचीत में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया।
बताया गया कि इन 26 सीटों का चयन 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन के आधार पर किया गया था। इनमें वे सीटें शामिल थीं, जहां कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी या दूसरे स्थान पर रही थी। साथ ही कुछ ऐसी सीटें भी थीं, जहां समाजवादी पार्टी पहले कभी जीत हासिल नहीं कर सकी थी।
लेकिन जैसे ही कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव मिलने की खबर सार्वजनिक हुई, राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस कोई भीख नहीं मांग रही है। हालांकि, इसके बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “जीतने वाली पहली 26 सीटों से हुई है शुरुआत, मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात।”
अखिलेश यादव के इस बयान से बातचीत आगे बढ़ने की उम्मीद जरूर जगी, लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ।
इसके तुरंत बाद समाजवादी पार्टी ने पांच उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। इसमें सहारनपुर की दो सीटें भी शामिल थीं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद इन सीटों पर कांग्रेस का दावा कर रहे थे। इन सीटों पर सपा के मौजूदा विधायकों की मौजूदगी के बावजूद उम्मीदवारों की घोषणा ने कांग्रेस की नाराजगी बढ़ा दी। इमरान मसूद ने इसके बाद बयान दिया कि समाजवादी पार्टी गठबंधन को लेकर उतनी गंभीर नजर नहीं आ रही है।
आखिर दोनों पार्टियों के बीच विवाद की असली वजह क्या है?
दरअसल, सीट बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस के नजरिए में बुनियादी अंतर दिखाई दे रहा है। कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव में विधानसभा क्षेत्रों के प्रदर्शन और अपनी राजनीतिक बढ़त को आधार बनाकर अधिक सीटें चाहती है। वहीं समाजवादी पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव के नतीजों और अपने संगठनात्मक आधार को ध्यान में रखकर सीटों का बंटवारा करना चाहती है।
यहां एक पेच और है। लोकसभा चुनाव 2024 में जिन विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस को बढ़त मिली थी, उनमें से कई सीटों पर फिलहाल समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। ऐसे में सपा अपने मौजूदा विधायकों का टिकट काटकर कांग्रेस के लिए सीट छोड़ने को तैयार नहीं होगी, और कांग्रेस पीछे हटने को तैयार नहीं होना चाहती।
लेकिन इस पूरी खींचतान के बीच दोनों दलों को एक बात नहीं भूलनी चाहिए कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव केवल सीटों का गणित नहीं, बल्कि विपक्षी एकता की भी बड़ी परीक्षा है।
लोकसभा चुनाव में भाजपा को उत्तर प्रदेश में बड़ा झटका लगा था। दूसरी ओर, भाजपा के भीतर भी नेतृत्व और राजनीतिक वर्चस्व को लेकर चर्चाएं लगातार सामने आती रही हैं। हाल ही में एक निजी टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का यह कहना कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बन सकते हैं और कोई दूसरा भी, भाजपा के अंदरूनी समीकरणों पर सवाल खड़े करता है।
लेकिन विपक्ष के सामने चुनौती यह है कि वह भाजपा की अंदरूनी राजनीति का फायदा उठाने के बजाय खुद आपसी खींचतान में उलझा हुआ नजर आ रहा है। अगर सपा और कांग्रेस सीटों के बंटवारे को लेकर सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे पर हमलावर रहेंगी, तो इसका राजनीतिक फायदा निश्चित तौर पर भाजपा को मिल सकता है।
इस मामले में भाजपा की गठबंधन राजनीति से भी सपा-कांग्रेस को सीखने की जरूरत है। भाजपा ने कई राज्यों में अपनी सत्ता बनाई, कई दलों को समय समय पर ठिकाने भी लगाया, मगर जैसे ही बात पंजाब की आई, बीजेपी ने अकाली दल के साथ गठबंधन तो किया ही, साथ ही साथ उसे अपना बड़ा भाई भी मान लिया, बीजेपी ने सदेश दे दिया कि जरूरत पड़ने पर राजनीतिक दलों को कई बार बड़े लक्ष्य के लिए अपनी तत्कालिक महत्वाकांक्षाओं से समझौता करना पड़ता है।
अगर सपा और कांग्रेस का साझा लक्ष्य भाजपा को सत्ता से बाहर करना है, तो उन्हें भी सीटों की संख्या से आगे बढ़कर राजनीतिक परिस्थितियों को समझना होगा। अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट के जरिए बातचीत को सकारात्मक दिशा देने की कोशिश जरूर की है, लेकिन अब जरूरत है कि दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व इस विवाद को बातचीत की मेज पर सुलझाए। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव को आपस में बैठकर कोई व्यावहारिक रास्ता निकालना चाहिए।
क्योंकि गठबंधन केवल चुनावी समझौते से नहीं, बल्कि आपसी विश्वास और सम्मान से चलता है। सार्वजनिक मंचों से दिए जा रहे बयान और एक-दूसरे के दावों को खारिज करने की राजनीति इस विश्वास को कमजोर करती है।
वहीं, विपक्ष के सामने चुनौतियां केवल सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे तक सीमित नहीं हैं। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद जैसे नेता भी अपनी अलग राजनीतिक जमीन और गठबंधन के साथ मैदान में हैं। दूसरी तरफ भाजपा के भीतर चाहे जितने राजनीतिक मतभेद हों, उसका संगठनात्मक ढांचा अब भी उसकी बड़ी ताकत है।
ऐसे में विपक्ष के लिए आपसी मतभेदों को दूर करना और भी जरूरी हो जाता है।
समय बहुत कम है। अगर दोनों पार्टियों ने जल्द ही सीट बंटवारे का विवाद नहीं सुलझाया, तो इसका असर केवल गठबंधन की छवि पर नहीं, बल्कि चुनावी नतीजों पर भी पड़ सकता है। कहीं ऐसा न हो कि चुनाव से पहले सीटों को लेकर शुरू हुई यह खींचतान चुनाव के बाद एक-दूसरे पर हार का ठीकरा फोड़ने की वजह बन जाए।
आखिरकार, सवाल सिर्फ 26 सीटों, 125 सीटों या 180 सीटों का नहीं है। सवाल उस राजनीतिक भरोसे का है, जिसके दम पर सपा और कांग्रेस ने 2024 में उत्तर प्रदेश में भाजपा को चुनौती दी थी।
कहीं ऐसा न हो कि भाजपा के खिलाफ सबसे मजबूत राजनीतिक साथी माने जाने वाले सपा और कांग्रेस, एक-दूसरे के सबसे बड़े राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बन जाएं।

Leave a Reply