परिवहन विभाग की डिजिटल निगरानी में रहेंगी इंदौर की स्कूल बसें, चालक का रिकॉर्ड भी होगा ऑनलाइन!
इंदौर। स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाली बसों की सुरक्षा व्यवस्था अब परिवहन विभाग की ऑनलाइन निगरानी में रहेगी। इसके लिए विभाग ने ‘शिक्षा सारथी पोर्टल’ तैयार किया है। शहर के सभी स्कूलों और कॉलेजों को अपनी बसों के साथ उनके चालक और परिचालकों का पूरा ब्योरा इस पोर्टल पर दर्ज करना होगा। इससे बसों के दस्तावेजों की वैधता, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और उन्हें चलाने वाले कर्मचारियों की पृष्ठभूमि की जानकारी एक ही जगह मिल सकेगी। परिवहन विभाग के साथ पुलिस, यातायात और शिक्षा विभाग भी इस व्यवस्था के जरिए निगरानी कर सकेंगे।
अब तक स्कूल बसों की जानकारी अलग-अलग संस्थानों और विभागों के पास रहती थी। नई व्यवस्था में प्रत्येक बस का पंजीयन नंबर, मालिक का नाम, परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा और प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र (पीयूसी) दर्ज करना होगा। बस में सीसीटीवी कैमरे और जीपीएस लगा है या नहीं, इसकी जानकारी भी पोर्टल पर देनी होगी। किसी बस के जरूरी दस्तावेज की अवधि समाप्त होने वाली होगी तो स्कूल संचालक को पहले ही मोबाइल पर संदेश भेजकर आगाह किया जाएगा। परिवहन विभाग को भी इसकी सूचना मिलेगी, ताकि समय रहते दस्तावेजों का नवीनीकरण कराया जा सके।
चालक के पते से लेकर आपराधिक रिकॉर्ड तक की होगी जांच
पोर्टल पर केवल बसों का रिकॉर्ड ही नहीं रहेगा, बल्कि उन्हें चलाने वाले चालक और साथ रहने वाले परिचालक की जानकारी भी दर्ज होगी। स्कूलों को चालक का नाम, पता, फोटो, मोबाइल नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस और आधार नंबर उपलब्ध कराना होगा। यही जानकारी संबंधित पुलिस थाने तक भी पहुंचेगी, जिससे उनका पुलिस सत्यापन कराया जा सकेगा। इस व्यवस्था से चालक की पृष्ठभूमि की जांच करना भी आसान होगा। उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज हुआ है या दुर्घटना से जुड़ा कोई प्रकरण लंबित है तो उसकी जानकारी जुटाई जा सकेगी।
15 साल पुरानी बसों के संचालन पर भी रहेगी नजर
स्कूल बसों की उम्र और उनके संचालन से जुड़े नियमों का पालन कराने में भी पोर्टल मददगार होगा। खासतौर पर 15 साल से अधिक पुरानी बसों के संचालन पर रोक संबंधी प्रावधानों की निगरानी की जा सकेगी। इसके अलावा बसों के परमिट, फिटनेस और बीमा की वैधता भी विभाग के सामने रहेगी। किसी बस के दस्तावेज अधूरे या अवधि समाप्त होने पर संबंधित स्कूल की जवाबदेही तय करना आसान होगा।
परिवहन विभाग ने फिलहाल पोर्टल का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। अगले चरण में स्कूल संचालकों की बैठक बुलाकर उन्हें इस व्यवस्था की जानकारी दी जाएगी। प्रत्येक शिक्षण संस्थान को अलग आईडी और पासवर्ड दिया जाएगा। इसके जरिए स्कूल अपने यहां चलने वाली बसों और कर्मचारियों का विवरण दर्ज कर सकेंगे। विभाग ने साफ किया है कि जानकारी सही और अद्यतन रखना स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी होगी।
गलत जानकारी देने पर स्कूलों पर होगी कार्रवाई
आरटीओ प्रदीप शर्मा के मुताबिक, शिक्षण संस्थानों की बसों और उनके चालक-परिचालकों का विवरण एक जगह उपलब्ध कराने के लिए शिक्षा सारथी पोर्टल तैयार किया गया है। स्कूलों को इसमें अपने वाहनों और कर्मचारियों की पूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। इससे बसों की निगरानी और दस्तावेजों की जांच में आसानी होगी। जल्द ही सभी शिक्षण संस्थानों को पोर्टल के इस्तेमाल की प्रक्रिया समझाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गलत जानकारी देने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Reply