यूपी में चुनाव गठबंधन पर अखिलेश का कांग्रेस को संदेश, जीत के लिए एडजस्टमेंट करना जरूरी!
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए कांग्रेस को सीधा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन जीतने के लिए होता है और जीत के लिए एडजस्टमेंट भी करना पड़ता है। अखिलेश ने यह भी कहा कि अभी बातचीत चल रही है, इसलिए सीटों की संख्या पर अभी कुछ कहना ठीक नहीं होगा।
दिल्ली में हुई बैठक में फंसा पेंच
मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस और सपा के नेताओं के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बैठक हुई। खबर है कि इस बैठक में सीटों के बंटवारे पर दोनों दलों के बीच पेंच फंस गया है। सपा ने कांग्रेस को केवल 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है। इनमें 2022 में कांग्रेस की जीती हुई 2 सीटें और दूसरे नंबर पर रही 4 सीटें भी शामिल हैं। सपा सांसद रामगोपाल यादव का कहना है कि इनमें से कई सीटें ऐसी हैं, जहां सपा को कांग्रेस से ज्यादा वोट मिले थे। इसके बावजूद सपा उन सीटों को कांग्रेस को दे रही है।
कांग्रेस की मांग, 26 सीटों का तो सवाल ही नहीं
कांग्रेस ने सपा के 26 सीटों वाले प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है। कांग्रेस का कहना है कि 26 सीटों का तो कोई सवाल ही नहीं है। कांग्रेस 126 से ज्यादा सीटों की मांग कर रही है।
कांग्रेस ने अपनी मांग वाली सीटों को दो हिस्सों में बांटा है। 46 सीटों को ए कैटेगरी में रखा गया है और 21 सीटों को बी कैटेगरी में रखा गया है। कांग्रेस का कहना है कि इन 67 सीटों पर वह कोई समझौता नहीं करेगी। बाकी करीब 64 से 65 सीटों पर कांग्रेस लचीलापन दिखाने को तैयार है।
इससे पहले खबर आई थी कि कांग्रेस 120 सीटों की लिस्ट लेकर सपा के पास पहुंची थी। इसमें रायबरेली और अमेठी की सभी सीटें भी शामिल थीं। सोमवार को भी दोनों दलों के बीच बैठक हुई थी। यह बैठक कांग्रेस के सीनियर नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई थी, जिसमें दोनों दलों के बड़े नेता मौजूद थे।
जिताऊ प्रत्याशी पर अखिलेश का जोर
अखिलेश यादव ने सीट बंटवारे के लिए चार नेताओं की कमेटी बनाई थी। इस कमेटी में रामगोपाल यादव, सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा हसन शामिल थीं। अखिलेश ने एक बार फिर साफ किया कि जिस सीट पर जिसके जीतने की संभावना ज्यादा होगी, उसे वही सीट मिलेगी। यानी सीट तय करने में प्रत्याशी की जीत की क्षमता सबसे अहम होगी। बताया जा रहा है कि इस बार समाजवादी पार्टी जिताऊ प्रत्याशी तय करने के लिए डेटा विश्लेषकों की मदद भी ले रही है।

Leave a Reply