शराब की लत छुड़ाने के लिए पिलाया जड़ी-बूटी का रस, 2 की मौत, 5 गंभीर

शराब की लत छुड़ाने के लिए पिलाया जड़ी-बूटी का रस, 2 की मौत, 5 गंभीर

बैतूल:  मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शराब की लत छुड़ाने के लिए जड़ी-बूटी का रस पीना सात लोगों के लिए भारी पड़ गया। चिचोली थाना क्षेत्र के पाटाखेड़ा गांव में जड़ी-बूटियों से बनी दवा पीने के बाद दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी लोग शराब की लत छुड़ाने के लिए दवा का सेवन करने पहुंचे थे। घटना के बाद पुलिस ने बाबा रमेश उईके और उसके दो सेवादारों को गिरफ्तार कर लिया है।
 
शराब की लत छुड़ाने पहुंचे थे लोग
जानकारी के अनुसार, बुधवार 18 नवंबर को आठनेर, चिचोली और सारनी समेत आसपास के क्षेत्रों से लोग राजा बैठक ढाना इलाके में पहुंचे थे। यहां बाबा रमेश उईके के पास शराब की लत छुड़ाने के लिए जड़ी-बूटियों से बनी दवा दी जाती थी। लोग इसी दवा का सेवन करने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि दवा पीने के कुछ समय बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। हालत गंभीर होने पर सभी को चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
 
इलाज के दौरान दो लोगों की मौत
अस्पताल में इलाज के दौरान दो लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान राम किशोर निवासी आठनेर और संजय निवासी इमलीखेड़ा के रूप में हुई है। वहीं, पांच अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
 
बाबा समेत तीन लोग गिरफ्तार
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए बाबा रमेश उईके और उसके दो सेवादारों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से दवा बनाने और पिलाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की है। पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
 
जड़ी-बूटी के रस में जहरीला पदार्थ होने की आशंका
जिला चिकित्सा अधिकारी संजीव शर्मा के मुताबिक, राजा की बैठक इलाके में शराब की लत छुड़ाने के लिए जड़ी-बूटियों को पानी में घोलकर पिलाया जाता था। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने इस दवा का सेवन किया, उसमें जहरीला पदार्थ मिला हुआ था। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर जानकारी जुटा रही हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दवा में कौन-सा जहरीला पदार्थ था और उसकी वजह से लोगों की तबीयत कैसे बिगड़ी, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM