इंदौर के लालबाग में मिली तिजोरी का रासायनिक उपचार होगा, फिर विशेषज्ञ खोलेंगे, महिला ने जताया दावा, लेकिन दस्तावेज नहीं!
इंदौर। लालबाग पैलेस परिसर में मिली एक टन से अधिक वजनी पुरानी तिजोरी को फिलहाल नहीं खोला जाएगा। राज्य पुरातत्व विभाग पहले उसका रासायनिक उपचार कराएगा। इसके बाद विशेषज्ञों की मदद से तिजोरी खुलवाई जाएगी। विभाग की योजना इसे भविष्य में राजवाड़ा में प्रदर्शित करने की है। इस बीच वंदना सोनी नामक महिला ने तिजोरी को अपनी मां मनोरमा सोनी की पैतृक संपत्ति बताते हुए उस पर दावा किया है। हालांकि, उनके पास मालिकाना हक साबित करने के लिए कोई दस्तावेज नहीं हैं।
लालबाग पैलेस परिसर में सड़क और दीवार निर्माण के साथ पाथ-वे बनाने का काम चल रहा है। मंगलवार को जमीन की खुदाई और समतलीकरण के दौरान कर्मचारियों को मिट्टी में दबी पुरानी तिजोरी दिखाई दी। उसे बाहर निकाला गया तो देखने वालों की भीड़ जमा हो गई। तिजोरी का वजन एक टन से अधिक बताया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर इसे पैलेस परिसर में ही सुरक्षित रखवा दिया गया है। बुधवार को इसे खोलने की चर्चा थी, लेकिन विभाग ने फिलहाल यह प्रक्रिया टाल दी।
पहले होगी रासायनिक सफाई
राज्य पुरातत्व विभाग के उप संचालक केएल डाबी ने बताया कि लालबाग पैलेस में अनुरक्षण और विकास कार्य के दौरान यह तिजोरी जमीन की ऊपरी सतह पर मिली थी। विभाग पहले इसका रासायनिक उपचार कराएगा, ताकि इसे नुकसान पहुंचाए बिना सुरक्षित रखा जा सके। इसके बाद विशेषज्ञों की मौजूदगी में इसे खोला जाएगा। विभाग इसे राजवाड़ा में प्रदर्शित करने पर भी विचार कर रहा है। महिला के दावे पर डाबी ने कहा कि उन्हें फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है। यदि कोई व्यक्ति तिजोरी पर मालिकाना हक जताता है तो उसे विभाग के कार्यालय में संबंधित प्रमाण पेश करने होंगे। दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार फैसला लिया जाएगा।
महिला के पास है वीडियो
तिजोरी पर दावा करने वाली वंदना सोनी का कहना है कि उनका परिवार स्वर्णकार है और यह उनकी मां मनोरमा सोनी की पैतृक संपत्ति है। वह इसे श्रावण महीने में लालबाग पैलेस के पास गुरु नानक कॉलोनी के बारह मथा क्षेत्र से लेकर आई थीं। वंदना के पास तिजोरी पर मालिकाना हक के दस्तावेज नहीं हैं, लेकिन उनका दावा है कि उसे वहां से लाते समय का वीडियो मौजूद है। उन्होंने बताया कि तिजोरी बेचने की कोशिश भी की थी, लेकिन कोई खरीदार नहीं मिला। तिजोरी के भीतर क्या रखा है, इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है।
होलकर राजघराने की चर्चा
लालबाग पैलेस होलकर राजघराने के इतिहास से जुड़ा महत्वपूर्ण स्मारक है। ऐसे में यहां मिली पुरानी तिजोरी को लेकर उसके राजपरिवार से संबंध होने की चर्चाएं भी चल रही हैं। हालांकि, उसके इतिहास, वास्तविक मालिक और भीतर रखी सामग्री के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। रासायनिक उपचार और विशेषज्ञों की जांच के बाद ही तिजोरी से जुड़े रहस्य पर से पर्दा उठ सकेगा।

Leave a Reply