सिवनी में पुलिस की दबंगई पर शिकंजा, होटल में मिले बालिग जोड़े को गांजा रखकर फंसाने की धमकी देने वाले एएसपी समेत 6 निलंबित!

सिवनी में पुलिस की दबंगई पर शिकंजा, होटल में मिले बालिग जोड़े को गांजा रखकर फंसाने की धमकी देने वाले एएसपी समेत 6 निलंबित!

सिवनी। होटल में मिले एक बालिग जोड़े को गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के मामले में मध्यप्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों का वीडियो सामने आने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा सहित 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इनमें एसडीओपी भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और गलत आचरण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सबसे महत्वपूर्ण हैं। सिवनी की घटना के वायरल वीडियो में प्रथम दृष्टया पुलिस अधिकारियों का संदिग्ध व्यवहार सामने आया है। इसी आधार पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था संभालने वाले प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी मर्यादा और अनुशासन के साथ निभानी होगी। गलत आचरण के प्रति सरकार की शून्य सहनशीलता की नीति है और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बालिग कपल को गांजा रखकर फंसाने की धमकी
यह मामला सिवनी के सिद्धार्थ होटल का है। यहां पुलिस की कार्रवाई का करीब 75 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। वीडियो में पुलिसकर्मी होटल के भीतर मौजूद एक बालिग जोड़े से पूछताछ करते और उन्हें डराते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एएसपी दीपक मिश्रा युवक के बैग में गांजा रखकर उसे नशीले पदार्थ के मामले में फंसाने की धमकी देते नजर आ रहे हैं।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे
होटल संचालक संजय सनोडिया ने इस मामले में सीसीटीवी फुटेज के साथ शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि पुलिस अधिकारी होटल से हर महीने 50 हजार रुपए मांग रहे थे। संचालक ने एक पुलिस अधिकारी को 20 हजार रुपए देने का दावा भी किया था। उनका कहना था कि होटल में हुई पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में दर्ज है।
वीडियो और शिकायत के बाद मामला तूल पकड़ गया। अब सरकार के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पूरे प्रकरण की जांच करेंगे। जांच में यह भी स्पष्ट होगा कि होटल में पुलिस की कार्रवाई किन परिस्थितियों में की गई और संचालक की ओर से लगाए गए वसूली के आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM