जावेद अख्तर बोले ‘राम हर भारतीय के खून में, वे किसी धर्म तक सीमित नहीं, बल्कि आदर्श और नैतिक जीवन का प्रतीक!

जावेद अख्तर बोले ‘राम हर भारतीय के खून में, वे किसी धर्म तक सीमित नहीं, बल्कि आदर्श और नैतिक जीवन का प्रतीक!

मुंबई। गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने भगवान राम को लेकर अपनी राय जाहिर करते हुए कहा कि राम किसी एक धर्म के पूजनीय व्यक्तित्व नहीं हैं। वे आदर्श, नैतिकता और जीवन जीने की सही राह दिखाते हैं। उनके मुताबिक, राम के विचार और आदर्श हर भारतीय की सांस्कृतिक चेतना में बसे हैं, फिर चाहे उसका धर्म कुछ भी हो।
इंडियन परफॉर्मिंग राइट्स सोसाइटी की म्यूजिक क्रिएटर रिपोर्ट के विमोचन के मौके पर जावेद अख्तर ने नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ पर भी बात की। उन्होंने बताया कि उन्होंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है, लेकिन उनकी बेटी और फिल्मकार जोया अख्तर इसे देख चुकी हैं और उन्होंने इसकी खूब तारीफ की है। जावेद ने हंसते हुए कहा कि जोया किसी फिल्म या व्यक्ति की तारीफ आसानी से नहीं करतीं। यहां तक कि अपने पिता की तारीफ करते हुए भी उन्होंने उन्हें बहुत कम सुना है।

‘हो सकता है उनकी इस बात से कुछ लोग नाराज हों’
भगवान राम के महत्व पर बात करते हुए 81 वर्षीय जावेद अख्तर ने कहा कि राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, आदर्श और नैतिक जीवन के प्रतीक हैं। उनके व्यक्तित्व में एक अलग तरह की सुंदरता और नैतिकता है। राम को उनके गुणों के आधार पर समझने और देखने पर उनका चरित्र मन को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि हो सकता है उनकी इस बात से कुछ लोग नाराज हों, लेकिन राम हर भारतीय के खून में हैं। धर्म कोई भी हो, राम के आदर्श भारतीय समाज की साझा सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं।
जावेद अख्तर के इस विचार को उनके पुराने गीत ‘पल-पल है भारी’ से भी जोड़कर देखा जा रहा है। फिल्म ‘स्वदेश’ के इस गीत में उन्होंने लिखा था- ‘मन से रावण जो निकाले, राम उसके मन में हैं।’ गीत की यह पंक्ति आज भी अपने संदेश के लिए याद की जाती है।

हिंदी फिल्मों में साहित्य से क्यों बढ़ रही दूरी
हिंदी सिनेमा में साहित्यिक रचनाओं पर कम फिल्में बनने के सवाल पर जावेद अख्तर ने फिल्मकारों की सोच और तयशुदा फिल्मी ढर्रे को इसकी वजह बताया। उन्होंने कहा कि पहले भी साहित्य पर आधारित फिल्में बहुत कम बनती थीं। ‘देवदास’ और ‘साहब बीवी और गुलाम’ जैसी कुछ फिल्मों को छोड़ दें तो हिंदी सिनेमा का बड़ा हिस्सा एक ही तरह की कहानियों और फार्मूले पर चलता रहा है।
उनका कहना था कि हिंदी फिल्में पूरे देश के दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं। फिल्मकार चाहते हैं कि गुजरात, पंजाब, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश समेत हर क्षेत्र के दर्शक उनकी फिल्मों से जुड़े। इस कोशिश में कहानियों और विषयों को कई बार एक तय ढांचे में ढाल दिया जाता है। अपनी किताब ‘टॉकिंग फिल्म्स’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हिंदी सिनेमा ने अपनी एक अलग सांस्कृतिक दुनिया बना ली है, जिसका आम भारतीयों की रोजमर्रा की जिंदगी से काफी अंतर है।
नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर ने भगवान राम, यश ने रावण और साई पल्लवी ने माता सीता का किरदार निभाया है। फिल्म के कथानक, कलाकारों के अभिनय और संगीत को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM