मुंबई यूनिवर्सिटी में कुलपति से मिलने गए आदित्य ठाकरे को गोदाम में बैठाया, बैठक में पुलिस बुलाने पर भड़के विधायक!
मुंबई। मुंबई विश्वविद्यालय में कुलपति से मुलाकात करने पहुंचे शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे और उनके साथ आए विधायकों को कथित तौर पर पहले गोदाम में बैठाया गया। इसके बाद बैठक के दौरान पुलिस बुलाने पर विवाद खड़ा हो गया। विश्वविद्यालय प्रशासन के इस रवैये से नाराज ठाकरे गुट के विधायकों ने कुलपति और अधिकारियों को जमकर घेरा। उन्होंने सवाल उठाया कि जनप्रतिनिधियों से बातचीत के लिए पुलिस बुलाने की क्या जरूरत थी?
आदित्य ठाकरे विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य प्रदीप सावंत को अयोग्यता का अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा करने पहुंचे थे। उनके साथ विधायक अनिल परब, वरुण सरदेसाई, सुनील प्रभु, अजय चौधरी, सुनील शिंदे, महेश सावंत, बाला नर, ज. मो. अभ्यंकर और मनोज जामसुतकर भी मौजूद थे।
गोदाम में बैठाने पर अनिल परब नाराज
विधायकों का आरोप है कि कुलपति से मुलाकात से पहले उन्हें विश्वविद्यालय परिसर के बाहर एक गोदाम में बैठाया गया। इस व्यवहार पर अनिल परब, वरुण सरदेसाई और सुनील प्रभु ने नाराजगी जताई। बैठक के दौरान पुलिस की मौजूदगी ने विवाद और बढ़ा दिया।
वरुण सरदेसाई ने कुलपति से सवाल किया कि जब भी वे विश्वविद्यालय में मिलने आते हैं, पुलिस क्यों बुला ली जाती है? क्या वे आतंकवादी हैं? अनिल परब ने भी आपत्ति जताते हुए कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन से चर्चा करनी है तो क्या पुलिस के सामने ही बात होगी? उन्होंने पहले पुलिसकर्मियों को वहां से हटाने की मांग की।
गोदाम में बैठाने की शिकायत पर प्रशासन ने जांच कराने की बात कही तो अनिल परब ने सवाल उठाया कि जब विधायक खुद अपने साथ हुए व्यवहार की जानकारी दे रहे हैं, तो जांच किस बात की होगी? उन्होंने कहा कि यदि किसी सुरक्षाकर्मी ने उनके साथ गलत व्यवहार किया है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? विधायक सुनील प्रभु ने भी दोषी कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और कारण बताओ नोटिस जारी करने की मांग की।
प्रदीप सावंत को अयोग्यता का अंतिम नोटिस
इस पूरे विवाद की एक प्रमुख वजह सीनेट सदस्य प्रदीप सावंत को जारी किया गया नोटिस भी है। ठाकरे गुट से जुड़े सावंत को मुंबई विश्वविद्यालय ने अयोग्यता का अंतिम कारण बताओ नोटिस भेजा है। इसमें उन पर प्रशासनिक कदाचार, गलत और मानहानिकारक जानकारी फैलाने, जबरन परिसर में प्रवेश करने तथा विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा और संस्थागत विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं।
इन्हीं आरोपों और विश्वविद्यालय के अन्य मामलों पर जवाब मांगने के लिए आदित्य ठाकरे कुलपति से मिलने पहुंचे थे। हालांकि, मुलाकात से पहले हुए घटनाक्रम ने चर्चा को विवाद में बदल दिया। ठाकरे गुट के विधायकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply