TI हत्याकांड में 35 लाख की जब्ती से शराब तस्करी नेटवर्क का खुलासा, मोबाइल से मिले मैसेज
देवास। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या की जांच अब केवल एक ट्रक और उसके चालक तक सीमित नहीं रह गई है। पुलिस की पड़ताल में मध्यप्रदेश से गुजरात तक फैले शराब तस्करी के बड़े कारोबार, करोड़ों के ठेकों और उसमें शामिल साझेदारों का हिसाब सामने आने लगा है। इस बीच कारोबार की अहम कड़ी माने जा रहे अहमदाबाद निवासी मोहिन जायसवाल की मौत ने जांच की दिशा को प्रभावित किया है। पुलिस को उससे गुजरात में शराब की खपत, सप्लाई लेने वालों और नेटवर्क के दूसरे संचालकों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद थी।
जांच में एक बड़ी आर्थिक कड़ी हाथ लगी है। मुख्य आरोपी राहुल जायसवाल से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने शराब के अवैध कारोबार से अर्जित करीब 35 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। देवास के एसपी आदित्य मिश्रा के मुताबिक, यह रकम तस्करी से हुई कमाई बताई जा रही है। पुलिस को आरोपियों के बीच हुए वॉट्सऐप संवाद भी मिले हैं, जिनमें कारोबार के मुनाफे और साझेदारों के बीच रकम बांटने का हिसाब दर्ज होने की बात सामने आई है। इससे पुलिस को तस्करी के पूरे आर्थिक ढांचे को समझने में मदद मिल रही है।
40 करोड़ के ठेकों में चार साझेदार
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्यों और उनके सहयोगियों ने हरदा जिले में करीब 40 करोड़ रुपए के शराब ठेके बड़वानी निवासी पटेंद्र जायसवाल के नाम पर लिए थे। इसमें पटेंद्र की हिस्सेदारी 10 प्रतिशत बताई गई है, जबकि राहुल जायसवाल, मनीष जायसवाल और मोहिन जायसवाल की हिस्सेदारी 30-30 प्रतिशत थी। पुलिस के अनुसार, राहुल इस पूरे कारोबार का संचालन करता था। हरदा जिले की तीन लाइसेंसी शराब दुकानों से शराब जुटाई जाती थी। इसके बाद उसे गुजरात भेजने की व्यवस्था की जाती थी। कारोबार से मिलने वाली रकम राहुल के पास जमा होती थी और फिर साझेदारों को उनका हिस्सा दिया जाता था।
वड़ोदरा से पकड़ाया मनीष, मोहिन की मौत से मुश्किल
गुजरात में शराब तस्करी के संपर्कों का पता लगाने के लिए पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय थीं। इसी दौरान वड़ोदरा से मनीष जायसवाल को गिरफ्तार किया गया। वह भी शराब कारोबार में 30 प्रतिशत हिस्सेदार बताया गया है। पुलिस उसे देवास लेकर आई और न्यायालय से रिमांड लेकर पूछताछ शुरू की। जांच में मनीष के कार्यालय पर भी दबिश दी गई और वहां कुछ लोगों से पूछताछ की गई।
दूसरी ओर, मोहिन जायसवाल की गुजरात में उपचार के दौरान रविवार को मौत हो गई। बताया गया कि फरारी के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अधिकारियों के अनुसार, उसे ब्रेन स्ट्रोक आया था। पुलिस उसे इस गिरोह की महत्वपूर्ण कड़ी मान रही थी, क्योंकि गुजरात में उसके सीधे संपर्क थे। उसकी मौत से तस्करी की खेप वहां किन लोगों तक पहुंचती थी और आगे इसका वितरण कौन करता था, इन सवालों के जवाब जुटाना कठिन हो गया है।
1800 लीटर से ज्यादा शराब, ट्रक में बने थे गुप्त खाने
इस पूरे मामले की शुरुआत 2 नवंबर की तड़के हुई थी। गुजरात में शराब की खेप भेजे जाने की सूचना पर खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी पुलिस दल के साथ इंदौर-बैतूल राजमार्ग पर पहुंचे थे। संदिग्ध आयशर वाहन को रोककर जांच करने की कोशिश की गई तो चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत ने वाहन भगाने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया दिलीप पुरी के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल पुरी की मौत हो गई, जबकि आरक्षक सोहन जाट भी घायल हुए।
बाद में पकड़े गए वाहन की जांच में 1800 लीटर से अधिक शराब मिली। शराब को वाहन में बनाए गए विशेष गुप्त खानों में छिपाकर ले जाया जा रहा था। इस घटना के बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर गिरोह के सदस्यों को पकड़ा। वाहन चालक गजेंद्र और क्लीनर धीरज का पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया था। दोनों के घायल होने के बाद उपचार कराया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।
आठ गिरफ्तार, छह पुलिस की हिरासत में
देवास पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर तक इस मामले में आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। इनमें से छह पुलिस हिरासत में थे। मुख्य आरोपी राहुल से पूछताछ के बाद 35 लाख रुपए की बरामदगी और मोबाइल में मिले संवादों ने कारोबार के लेन-देन की जांच को नया आधार दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब खरीदने से लेकर गुजरात में उसकी बिक्री तक किसकी क्या भूमिका थी और इस कारोबार से होने वाली कमाई किन-किन लोगों तक पहुंचती थी।

Leave a Reply