पार्किंग विवाद में पूर्व टेक महिंद्रा अधिकारी की हत्या के आरोपी को वल्लभगढ़ से पकड़ा, कैमरे में कैद पूरी वारदात!
फरीदाबाद। पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद एक वरिष्ठ कॉरपोरेट अधिकारी की हत्या में बदल गया। फरीदाबाद के सेक्टर-21सी में 6 नवंबर की रात पूर्व टेक महिंद्रा अधिकारी परमजीत धनखड़ (42) की उनके पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा (44) ने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से करीब 15-16 राउंड फायर किए। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने बल्लभगढ़ के डीएलएफ चौक से गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने हत्या की भयावह तस्वीर उजागर की है। फुटेज में आरोपी परमजीत को पार्किंग की बात करने के बहाने घर से नीचे बुलाता दिखाई देता है। दोनों के बीच कहासुनी होती है और इसके बाद मोनू अचानक पिस्टल निकालकर गोलियां चलाने लगता है। परमजीत जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागते हैं, लेकिन आरोपी उनका पीछा करता है। फुटेज में आरोपी को पिस्टल की मैगजीन बदलकर दोबारा गोलियां चलाते भी देखा गया है। गोलीबारी के दौरान वह ‘हैप्पी दिवाली’ कहता और परिवार को भी मारने की धमकी देता सुनाई देता है।
कुत्ते और पार्किंग को लेकर पुराना विवाद
परमजीत मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर परिवार के साथ रहते थे, जबकि आरोपी उसी इमारत की तीसरी मंजिल पर रहता था। दोनों परिवारों के बीच पार्किंग की जगह और मोनू के पालतू कुत्ते को साझा जगह पर शौच कराने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, घटना से पांच दिन पहले भी आरोपी ने परमजीत के बेटे के साथ अभद्रता की थी। परिवार ने पुलिस में शिकायत भी की थी, लेकिन बाद में मामला सुलझ गया था।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
परमजीत मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे और सिंगापुर में कार्यरत थे। वे पहले टेक महिंद्रा के एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के रीजनल बिजनेस हेड रह चुके थे। वर्तमान में वे एफपीटी सॉफ्टवेयर कंपनी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। 5 नवंबर को भारत लौटे परमजीत को 24 नवंबर को होने वाली भतीजे की शादी में शामिल होना था। परिवार में तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस वारदात ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
हत्या और जानलेवा हमले का मामला दर्ज
परमजीत के बेटे शौर्य की शिकायत पर सूरजकुंड थाने में हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश, पुलिस शिकायतों और सीसीटीवी फुटेज को अहम साक्ष्य माना जा रहा है।

Leave a Reply