सोनिया गांधी के जीवन पर बनेगी तेलुगु फिल्म, आत्मकथा ‘बिलांगिंग’ पर होगी आधारित
हैदराबाद। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के निजी जीवन, पारिवारिक संघर्ष और लंबे राजनीतिक सफर की कहानी अब बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी। उनकी आत्मकथा ‘बिलांगिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ पर तेलुगु फीचर फिल्म बनाने की तैयारी है। फिल्म के जरिए इटली से भारत आईं सोनिया गांधी के गांधी परिवार से जुड़ने, निजी जीवन में आए उतार-चढ़ाव और देश की राजनीति में उनकी अहम भूमिका को पर्दे पर उतारा जाएगा।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में इस फिल्म परियोजना की घोषणा की। उन्होंने फिल्म निर्माण के लिए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से आर्थिक सहयोग देने की अपील की है। इसके लिए शुरुआती तैयारियों और निर्माण संबंधी कामकाज की निगरानी के लिए 50 सदस्यीय कमेटी बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
जग्गा रेड्डी ने कहा कि फिल्म के लिए अच्छे निर्देशक का चयन किया जाए और इसके निर्माण का बजट तय किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जिस तरह चुनाव के दौरान पार्टी के लिए खर्च किया जाता है, उसी भावना से इस फिल्म को भी सहयोग दें। उनकी अपील पर क्षेत्र के कांग्रेस संयोजक जुलकांति अंजनेयुलु ने 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। फिल्म की शुरुआती तैयारियों की निगरानी गांधी भवन के जनसंपर्क अधिकारी करेंगे। जग्गा रेड्डी के मुताबिक, तैयारियां पूरी होने के बाद तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी फिल्म की शूटिंग का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
बहू से ताकतवर नेता बनने तक का सफर
प्रस्तावित फिल्म में सोनिया गांधी के जीवन के कई ऐसे पड़ाव दिखाए जाएंगे, जिन्होंने उन्हें एक सामान्य पारिवारिक जीवन से देश की प्रमुख राजनीतिक हस्ती तक पहुंचाया। कहानी में इंदिरा गांधी की बहू, राजीव गांधी की पत्नी और राहुल तथा प्रियंका गांधी की मां के रूप में उनकी भूमिका को भी जगह मिलेगी।
फिल्म का एक महत्वपूर्ण हिस्सा वह दौर होगा, जब इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद सोनिया गांधी को गहरे व्यक्तिगत आघात से गुजरना पड़ा। बच्चों की परवरिश, परिवार को संभालने और बाद में राजनीतिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने के उनके संघर्ष को भी कहानी में शामिल किया जाएगा। जग्गा रेड्डी के मुताबिक, फिल्म में उनके जीवन के निजी और राजनीतिक, दोनों पहलुओं को सामने लाने की कोशिश होगी।
प्रधानमंत्री की कुर्सी ठुकराने का फैसला भी होगा अहम हिस्सा
फिल्म में सोनिया गांधी के उस फैसले को खास महत्व दिया जाएगा, जब राजनीतिक परिस्थितियां अनुकूल होने के बावजूद उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं किया। जग्गा रेड्डी ने बताया कि राजीव गांधी की हत्या के बाद पीवी नरसिम्हा राव प्रधानमंत्री बने, लेकिन सोनिया गांधी ने उस समय सत्ता की दावेदारी नहीं की। वर्ष 2004 में यूपीए सरकार बनने के बाद भी पार्टी नेताओं के आग्रह के बावजूद उन्होंने प्रधानमंत्री बनने से इनकार कर दिया और डॉ. मनमोहन सिंह को इस पद के लिए आगे किया।
इसके अलावा ग्रामीण परिवारों को रोजगार का कानूनी अधिकार देने वाली मनरेगा योजना के निर्माण में सोनिया गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह और राहुल गांधी की भूमिका को भी फिल्म में दिखाया जाएगा। कांग्रेस नेताओं की योजना इस फिल्म के माध्यम से सोनिया गांधी के राजनीतिक फैसलों, त्याग और सार्वजनिक जीवन के उन प्रसंगों को सामने लाने की है, जिनका पार्टी की राजनीति पर गहरा असर रहा है।

Leave a Reply