स्वामी इंद्रदेव महाराज पर दुष्कर्म का आरोप, मुंबई की महिला की शिकायत पर जीरो FIR दर्ज
मुंबई। श्रीमद्भागवत और देवी भागवत कथा के माध्यम से पहचान बनाने वाले संत डॉ स्वामी इंद्रदेवेश्वरानंद सरस्वती, जिन्हें लोग संत इंद्रदेव महाराज के नाम से जानते हैं, एक गंभीर कानूनी मामले में फंस गए हैं। निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी इंद्रदेव पर मुंबई में रहने वाली एक महिला ने यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित महिला की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीड़िता ने पुलिस को की अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 के शुरुआती महीनों में उसने पारिवारिक सुख-शांति के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर महाराज के प्रवचन देखने शुरू किए थे। इसके बाद वह मुंबई के सांताक्रूज इलाके में 12 अप्रैल 2023 से आयोजित 7 दिवसीय सत्संग कार्यक्रम में शामिल हुई, जहां 13 अप्रैल को उसने दीक्षा प्राप्त की। बाद में दिसंबर 2023 में अपनी निजी समस्याओं के समाधान के लिए जब उसने महाराज से संपर्क किया, तो आरोप है कि इसके बाद से ही उसका उत्पीड़न शुरू हो गया।
वीडियो कॉल पर अश्लीलता का आरोप
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि महाराज उसे फोन और वीडियो कॉल करके परेशान करने लगे थे। जून 2024 और 29 नवंबर 2025 को आए वीडियो कॉल में महाराज आपत्तिजनक और नग्न हालत में थे। उन्होंने पीड़िता पर दबाव बनाते हुए अश्लील बातचीत की और कपड़े उतारने को कहा। पीड़िता का दावा है कि 4 नवंबर 2025 की रात 10:30 बजे, जब वह अपनी बेटी के साथ वृंदावन के सेवाधाम आश्रम में रुकी हुई थी, तब महाराज ने उसे अपने कमरे में बुलाकर दरवाजा बंद कर लिया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
विदेशी महिला ने भी महाराज के कृत्यों की पुष्टि की
मामले में एक अन्य विदेशी महिला का संदर्भ भी सामने आया है। पीड़िता के मुताबिक उसने न्यूजीलैंड में रहने वाली एक महिला से बातचीत की 7 से 8 ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी थीं। उस विदेशी महिला ने भी महाराज पर रात के समय कमरे में बुलाने के आरोप लगाए थे। रिकॉर्डिंग की बात सामने आने पर महाराज ने बदनामी का हवाला देकर फांसी लगाने की धमकी दी और सबूत मिटाने का दबाव बनाया। पीड़िता ने यह भी कहा कि 17 जून 2026 को उसे फोन पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी।
इस पूरे प्रकरण पर ठाणे के काशीमीरा पुलिस स्टेशन में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। घटना स्थल वृंदावन होने के कारण मामला आगे की कार्रवाई के लिए मथुरा पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया है।
मामले पर अखाड़ा परिषद के प्रमुख महंत रविंद्र पूरी महाराज ने कहा है कि पुलिस की जांच रिपोर्ट आने के बाद अखाड़े की पंच बैठक बुलाई जाएगी और उसी के आधार पर निष्कासन या अन्य सख्त कदम उठाए जाएंगे। दूसरी तरफ स्वामी इंद्रदेव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह से गलत, निराधार और पैसे ऐंठने की साजिश करार दिया है।

Leave a Reply