धमकी के बीच दिलजीत दोसांझ का जवाब, बोले- इंदौर आऊंगा तो पहले पोहा खाऊंगा
इंदौर। बम धमाकों की लगातार मिल रही धमकियों के बीच पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने इंदौर आने का अपना इरादा साफ कर दिया है। उन्होंने छप्पन दुकान की पुरानी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, ‘मैं आऊंगा और सबसे पहले पोहा खाऊंगा।’ दिलजीत की इस पोस्ट से उनके प्रशंसकों में उत्साह है। लेकिन, दूसरी ओर 15 नवंबर को होने वाले उनके कॉन्सर्ट पर सुरक्षा का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
कॉन्सर्ट से पहले खालिस्तानी नेशनल आर्मी के नाम से ग्वालियर हाईकोर्ट को धमकी भरा ई-मेल भेजा गया है। इसमें कॉन्सर्ट और उसके मंच को विस्फोटक उपकरण (आईईडी) से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। ई-मेल में माता-पिता को भी आगाह किया गया है कि वे अपने बच्चों को कार्यक्रम में न भेजें। इससे पहले इंदौर के महापौर कार्यालय और शहर के 3 निजी स्कूलों को भी इसी तरह के धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं। पुलिस और विशेष जांच दल (एसआईटी) अब तक इन ई-मेल के पीछे छिपे व्यक्ति की पहचान नहीं कर पाए हैं।
धमकियों के बीच तैयारियां
दिलजीत दोसांझ का कार्यक्रम 15 नवंबर को सी-21 मॉल में प्रस्तावित है। 2 नवंबर को महापौर कार्यालय और 3 निजी स्कूलों को मिले धमकी भरे ई-मेल में कार्यक्रम के दौरान बम विस्फोट करने और मंच को उड़ाने की बात कही गई थी। अब ग्वालियर हाईकोर्ट और एक न्यायाधीश को भी धमकी मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस और एसआईटी ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले का पता लगाने में जुटी हैं। लगातार मिल रही धमकियों के कारण आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
बच्चों की मौजूदगी पर चिंता
कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा के साथ गानों के बोल भी विवाद का विषय बने हुए हैं। जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने सी-21 मॉल प्रबंधन को पत्र लिखकर दिलजीत के 4 गाने कार्यक्रम में नहीं गाने देने के निर्देश दिए हैं। अधिकारी के मुताबिक इन गानों के बोल बच्चों पर प्रतिकूल असर डाल सकते हैं। जिन गानों पर आपत्ति जताई गई है, उनमें ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचो अफीम लभिया’ और ‘जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियार दी’ शामिल हैं।

Leave a Reply