कैंसर की 1,364 दवाइयां हुईं सस्ती, कीमतों में 96% तक की कटौती; 679 ब्रांड्स के दाम आधे से कम

कैंसर की 1,364 दवाइयां हुईं सस्ती, कीमतों में 96% तक की कटौती; 679 ब्रांड्स के दाम आधे से कम

नई दिल्ली। कैंसर का इलाज कराने वाले मरीजों और उनके परिवारों के लिए राहत की खबर है। कैंसर के इलाज में काम आने वाली 1364 दवाओं के नए और घटे हुए दाम (एमआरपी) 9 नवंबर से लागू कर दिए गए हैं। इनमें से कई दवाओं की कीमतें 50% से अधिक कम हुई हैं, जबकि कुछ दवाएं तो पहले से 96.45% तक सस्ती हो गई हैं। सरकार का आकलन है कि इस फैसले से मरीजों को सालाना करीब 3,540 करोड़ रुपए की सीधी बचत होगी। अगर कोई मेडिकल स्टोर या अस्पताल तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूलता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मरीज इसकी शिकायत भी दर्ज करा सकेंगे।

विशेषज्ञों की सलाह पर घटे दाम
रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एपीपीआई) ने कैंसर की 137 दवाओं पर मुनाफा (ट्रेड मार्जिन) तय कर दिया है। यह कदम स्वास्थ्य महानिदेशालय (डीजीएचएस) द्वारा 17 अक्टूबर 2026 को बनाई गई विशेषज्ञों की समिति की रिपोर्ट के आधार पर उठाया गया है।
एनपीपीए के अनुसार, 8 नवंबर 2026 तक 85 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1364 फॉर्मूलों की नई दरें जमा कर दी हैं। इनमें से 679 ब्रांड्स ऐसे हैं जिनकी कीमतें 50% से ज्यादा घट गई हैं। सबसे बड़ी कटौती 96.45% की रही है। इसका सीधा लाभ उन मरीजों को मिलेगा जिन्हें लंबे समय तक दवाएं खानी पड़ती हैं।

भविष्य में आने वाली दवाओं पर भी नियम लागू
10 से 15 दवाएं ऐसी भी चुनी गई हैं जो अभी भारत में नहीं मिलती हैं। सरकार ने साफ किया है कि जब भी ये दवाएं बाजार में आएंगी, इन पर भी यही मुनाफा नियम लागू होगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महंगी दवाओं की कालाबाजारी और मनमाने दामों पर अंकुश लगाना है। अब अस्पतालों और दवा दुकानों को सरकार द्वारा तय सीमाओं के भीतर ही दवाएं बेचनी होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM