मध्यप्रदेश का 2028 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस उमंग सिंघार और जीतू पटवारी के नेतृत्व में लड़ेगी, दिग्विजय सिंह ने कहा!

मध्यप्रदेश का 2028 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस उमंग सिंघार और जीतू पटवारी के नेतृत्व में लड़ेगी, दिग्विजय सिंह ने कहा!

गुना। मध्यप्रदेश में 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने पार्टी के नेतृत्व को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगला विधानसभा चुनाव नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में लड़ेगी। उनके इस बयान को प्रदेश में कांग्रेस की भावी चुनावी रणनीति के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
मंगलवार को गुना में पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा के दौरान दिग्विजय सिंह ने भाजपा की विचारधारा, किसानों की परेशानी, सोनिया गांधी की किताब, मतदाता सूची पुनरीक्षण और धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कांग्रेस में गुटबाजी की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी एकजुट होकर आगे बढ़ रही है।

भाजपा सावरकर के हिंदुत्व की समर्थक
भाजपा पर वैचारिक हमला करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा सनातन हिंदुत्व नहीं, बल्कि सावरकर के हिंदुत्व को मानती है। उनका आरोप था कि सावरकर का हिंदुत्व समाज को जोड़ने के बजाय बांटने का काम करता है।
सोनिया गांधी की किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ के संदर्भ में उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने ऐसा करके अपना बड़प्पन दिखाया है। अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं के बावजूद किसी सामान्य परिवार से निकलकर प्रधानमंत्री पद तक पहुंचने वाले व्यक्ति के संघर्ष की सराहना करना बड़े दिल का परिचय है।

किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही
किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। इससे खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि जब क्षेत्र के सांसद और केंद्र सरकार के मंत्री यहीं के हैं, तो किसानों की परेशानी दूर क्यों नहीं हो रही? उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी। गुना में अवैध कब्जों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे कब्जे हटाने की जिम्मेदारी भाजपा सरकार की है।
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण संबंधी बयान पर दिग्विजय सिंह ने असहमति जताई। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री लोगों के मन की बात भांपने और दिमाग पढ़ने की क्षमता रखते हैं। हालांकि, इस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जिन-जिन नेताओं ने उनके यहां कथा कराई, वे सभी चुनाव हार गए।

‘एसआईआर’ पर योगी की आपत्ति सही
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर दिग्विजय सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आपत्ति का समर्थन किया और इस प्रक्रिया को बंद करने की मांग की। उन्होंने चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से पूछा कि एसआईआर किसके आदेश पर कराया जा रहा है। उनका कहना था कि आयोग को इस बारे में जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर लड़ने की संभावना भी उन्होंने जताई।
अपनी प्रस्तावित सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि इसका किसी चुनाव से सीधा संबंध नहीं है। भाजपा के चर्चित नारे पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे नारे लोकतंत्र के प्रति भाजपा की सोच उजागर करते हैं। गुना में उनके बयानों के बाद खास तौर पर 2028 के चुनाव में उमंग सिंघार और जीतू पटवारी की भूमिका को लेकर प्रदेश कांग्रेस में नई चर्चा शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM