नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर हमला, दाहिने हाथ में चोट लगी, गुरुद्वारे के पास की घटना, सुरक्षाकर्मी भी घायल

नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर हमला, दाहिने हाथ में चोट लगी, गुरुद्वारे के पास की घटना, सुरक्षाकर्मी भी घायल

नांदेड़ (महाराष्ट्र)। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार सुबह हमला किया गया। घटना माता साहिब कौर गुरुद्वारे के पास हुई। हमले में बादल के दाहिने हाथ पर चोट आई है, जबकि उनकी सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा इकाई के पुलिस उपनिरीक्षक संतोष केंद्रे भी घायल हुए हैं।
पुलिस ने हमले के एक आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, सुखबीर सिंह बादल अपने परिवार के साथ नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब में मत्था टेकने पहुंचे थे। इसी दौरान माता साहिब कौर गुरुद्वारे के पास उन पर हमला हुआ। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई गई है। हमले के बाद सुखबीर बादल को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। सामने आए वीडियो में वे एंबुलेंस से उतरकर अपने पैरों पर चलते हुए अस्पताल के भीतर जाते दिखाई दे रहे हैं। उनके दाहिने हाथ पर लाल कपड़ा बंधा हुआ था।

बादल को मामूली चोट
नांदेड़ के जिला कलेक्टर डॉ. राहुल कार्डेले ने पत्रकारों को बताया कि सुखबीर सिंह बादल को मामूली चोट आई है और उनकी हालत स्थिर है। उनकी सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा इकाई के पुलिस उपनिरीक्षक को भी हल्की चोट लगी है। कलेक्टर के अनुसार, दोनों के हाथ में चोट आई है और वे खतरे से बाहर हैं। उन्होंने बताया कि बादल के दाहिने हाथ के अगले हिस्से में करीब 4 से 5 सेंटीमीटर का घाव है, जिसका चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है।
कलेक्टर ने यह भी बताया कि सुखबीर सिंह बादल का नांदेड़ दौरा निजी था और इस संबंध में कलेक्टर कार्यालय को कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई थी। हालांकि, उन्हें जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त होने के कारण पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई गई थी।

आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ
घटना की जानकारी मिलते ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने हमले के पीछे के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमला किस वजह से किया गया और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति या संगठन की भूमिका तो नहीं है। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुखबीर सिंह बादल की पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात की। प्रधानमंत्री ने सुखबीर बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और घटना के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

सिख धर्म का प्रमुख धार्मिक स्थल
नांदेड़ सिख धर्म के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां स्थित तख्त श्री हजूर साहिब सिख धर्म के 5 तख्तों में से एक है। इसी स्थान पर 10वें सिख गुरु गोविंद सिंह ने अपने जीवन के अंतिम दिन बिताए थे। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे धार्मिक स्थल के आसपास सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ा दी है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर हमले की पूरी वजह और घटनाक्रम सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल सुखबीर सिंह बादल की हालत स्थिर बताई जा रही है और चिकित्सक उनके हाथ में आई चोट का उपचार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM