सलमान के घर फायरिंग केस में अनमोल की सरेंडर अर्जी, तिहाड़ से मुंबई कोर्ट में पेशी की मांग !

मुंबई। अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के बाहर वर्ष 2024 में हुई फायरिंग के मामले में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई ने मुंबई की विशेष मकोका अदालत में सरेंडर करने के लिए अर्जी दाखिल की है। उसने अदालत से कहा है कि वह निष्पक्ष सुनवाई और कानूनी प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अपनी इच्छा से सरेंडर करना चाहता है। लेकिन, फिलहाल वह एक अन्य मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में है। ऐसे में अदालत के आदेश के बिना उसका मुंबई कोर्ट में पेश होना संभव नहीं है।
समाचार एजेंसी के अनुसार, अनमोल ने अपनी अर्जी में अदालत से तिहाड़ जेल के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी करने का अनुरोध किया है, ताकि उसे मुंबई लाकर इस मामले में अदालत के समक्ष पेश किया जा सके और आवश्यक रिमांड संबंधी प्रक्रिया पूरी की जा सके। अर्जी में कहा गया है कि उसके अदालत में पेश होने से अभियोजन पक्ष को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा। इसके विपरीत, इससे मुकदमे की सुनवाई और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी तथा न्यायिक प्रक्रिया के अनावश्यक दुरुपयोग की संभावना भी कम होगी। अनमोल ने यह भी कहा है कि इस मामले में ट्रायल शुरू हो चुका है और उसकी अनुपस्थिति में अब तक तीन गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। अनमोल बिश्नोई को पिछले वर्ष नवंबर में अमेरिका से डिपोर्ट किए जाने के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गिरफ्तार किया था। वर्तमान में वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग सहित कई मामलों में उसकी तलाश की जा रही थी।

मामला मुंबई पुलिस के दायरे में
सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग का मामला मुंबई पुलिस की जांच के दायरे में है, जबकि अनमोल की गिरफ्तारी एनआईए के एक अलग मामले में हुई थी। यही वजह है कि इस मामले में वह अब तक केवल वांछित आरोपी है। किसी भी मामले में आरोपी की औपचारिक गिरफ्तारी तभी दर्ज होती है, जब उसे संबंधित अदालत के समक्ष पेश किया जाता है। इसी कारण अनमोल ने प्रोडक्शन वारंट जारी करने की मांग की है। प्रोडक्शन वारंट वह न्यायिक आदेश होता है, जिसके माध्यम से किसी जेल में बंद कैदी को दूसरी अदालत या संबंधित न्यायालय के समक्ष निर्धारित तारीख पर पेश करने का निर्देश दिया जाता है।

इन लोगों ने की थी फायरिंग
14 अप्रैल की सुबह मुंबई के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर, जहां सलमान खान रहते हैं, बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग की थी। जांच के दौरान हमलावरों की पहचान विक्की गुप्ता और सागर पाल के रूप में हुई थी। इस मामले में विक्की गुप्ता, सागर पाल, सोनू कुमार बिश्नोई, मोहम्मद रफीक चौधरी और हरपाल सिंह न्यायिक हिरासत में हैं। वहीं, एक अन्य आरोपी अनुज कुमार थापन ने पुलिस हिरासत के दौरान आत्महत्या कर ली थी।

Leave a Comment