लारेंस गैंग का एक ओर गुर्गा सोनू धराया, कई जिलों में मामले दर्ज!5 करोड़ की फिरौती मांगी थी, क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई

    इंदौर। फिरौती मांगने के मामले में फरार चल रहे लारेंस गैंग के एक ओर गुर्गे सोनू उर्फ रितेश खंगार को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया। गुर्गे का साथी पूर्व में पकड़ा जा चुका है। सोनू के खिलाफ कई जिलों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
    पुलिस के मुताबिक, 14 अप्रैल को तुकोगंज निवासी बिल्डर विवेक दम्मानी को व्हाट्सएप कॉल और वॉइस नोट के जरिए धमकी मिली थी। कॉल करने वाले ने खुद को हेरी बॉक्सर बताते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा कर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। साथ ही कहा था कि रकम नहीं देने पर दम्मानी और उनके बेटे को गोली मार देंगे। इसी दिन फरियादी चेतन पंवार और कुंवर सिंह से भी 10 करोड़ रुपए की मांग की गई। दोनों मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था।

नागदा जेल से लाए
   जांच के दौरान पुलिस ने कुछ दिन पहले राजपाल चंद्रावत निवासी नागदा को गिरफ्तार किया था, जो एक अन्य मामले में जेल में बंद था। उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने खुलासा किया था कि विवेक दम्मानी के बारे में जानकारी जुटाने के लिए अपने साथी सोनू उर्फ रितेश खंगार को कहा था। सोनू ने जानकारी इकट्ठा कर दी। इसके बाद यह जानकारी विदेश में बैठे गैंग के सदस्य हेरी बॉक्सर तक पहुंचाई गई। इसी आधार पर धमकी और फिरौती की साजिश रची गई थी।
   आरोपी सोनू ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि अवैध लाभ अर्जित करने की मंशा से आरोपी राजपाल को फरियादी विवेक दम्मानी की जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा घर के बाहर गोली चलाने की तैयारी कर रहा था, इसके पूर्व ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के विरुद्ध थाना अपराध शाखा में अपराध पंजीबद्ध कर, विवेचना के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही हैं तथा पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार का आपराधिक रिकॉर्ड
    पुलिस के अनुसार सोनू उर्फ रितेश के खिलाफ मारपीट, हत्या का प्रयास, चाकूबाजी, बलवा, घर में घुसकर हमला और दुष्कर्म जैसे कई केस विभिन्न जिलों के थाने में दर्ज है। क्राइम ब्रांच की एसआईटी टीम इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Comment