भोपाल-ग्वालियर समेत 40 जिलों में बारिश का अलर्ट, चार दिन तक बदला रहेगा मौसम!

भोपाल। मध्यप्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियों के असर से मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर चला। कहीं धूलभरी आंधी चली तो कहीं ओलावृष्टि हुई। राजधानी भोपाल में दिनभर धूप और बादलों की आवाजाही के बाद शाम करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच 11 मील क्षेत्र में चने के आकार के ओले गिरे। मौसम में आए इस बदलाव से अधिकांश क्षेत्रों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों तक मौसम का यही स्वरूप बना रहेगा। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। गुरुवार के लिए भी कई जिलों में चेतावनी जारी की गई है।

श्योपुर में सबसे अधिक बारिश, इंदौर की रातें हुईं ठंडी
बुधवार को श्योपुर में 44 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री कम होकर 38.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सतना में तापमान सामान्य से 6.6 डिग्री कम होकर 35.7 डिग्री और रीवा में 4.1 डिग्री की गिरावट के साथ 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंदौर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम होकर 18.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे रात के समय ठंडक महसूस की गई। वहीं खरगोन प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खंडवा में पारा 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दमोह, खजुराहो, नौगांव, मंडला, नरसिंहपुर, सागर, उमरिया और मलाजखंड में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सुबह से रात तक चलता रहा मौसम का उतार-चढ़ाव
प्रदेश में सुबह से लेकर देर रात तक अलग-अलग क्षेत्रों में मौसम का प्रभाव देखने को मिला। सुबह खजुराहो, पन्ना, दमोह, सतना, मैहर, रीवा, जबलपुर, ग्वालियर, शहडोल और दतिया सहित कई जिलों में धूलभरी आंधी चली और बिजली चमकी।
दोपहर के समय अशोकनगर, बैतूल, टीकमगढ़ और सागर में करीब 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं और बारिश हुई। शाम के समय श्योपुर, सतना, रीवा और विदिशा में चक्रवाती हवाओं के साथ मध्यम वर्षा दर्ज की गई। देर रात इंदौर, छिंदवाड़ा, सिवनी, रायसेन और बालाघाट समेत लगभग 25 जिलों में मौसम बदला रहा।

कई जिलों में ओलावृष्टि और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए मुरैना, श्योपुर, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में वज्रपात, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए विशेष चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, रीवा, मऊगंज, सतना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, निवाड़ी, मैहर और पांढ़ुर्णा जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

प्री-मानसून गतिविधियां बनीं राहत की वजह
लगातार सक्रिय प्री-मानसून प्रणाली के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर कम हुआ है। तापमान में आई गिरावट से लोगों को राहत मिली है, हालांकि तेज हवाओं, वज्रपात और ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अगले चार दिन तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल, बारिश और आंधी का दौर जारी रहने के संकेत हैं।

Leave a Comment