– अंतिम वर्ष के छात्रों की हरकत, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया
इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी विभाग स्थित रामानुजन बी छात्रावास में रविवार अलसुबह अंतिम वर्ष के छात्रों ने जमकर हंगामा किया। छात्रों ने अर्धनग्न होकर तेज गीतों पर नृत्य किया और छात्रावास में तोड़फोड़ मचाते हुए टेबल, कुर्सियां तथा पानी की टंकी तक तोड़ डाली। घटना का वीडियो प्रसारित होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आ गया है।
बताया जा रहा है कि घटना सुबह करीब चार बजे के बाद की है। वीडियो में कुछ छात्र छात्रावास की पहली मंजिल से नीचे खड़े छात्रों पर पानी फेंकते दिखाई दे रहे हैं, जबकि नीचे मौजूद छात्र शोर-शराबे के बीच नृत्य कर रहे हैं। कई छात्र अर्धनग्न अवस्था में दिखाई दिए। हंगामे के दौरान छात्रों ने छात्रावास की कुर्सियां,टेबल, खिड़कियों के कांच और प्लास्टिक की पानी की टंकी तोड़ दी। परिसर में रखे सामान को इधर-उधर फेंक कर नुकसान पहुंचाया गया। घटना से छात्रावास में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वीडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। कुलगुरु प्रो राकेश सिंघई ने कहा कि छात्रों की पहचान की जा रही है। दोषी छात्रों पर आर्थिक दंड लगाने के साथ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं विभागाध्यक्ष डॉ प्रतोष बंसल ने भी घटना की जानकारी प्रशासन को सौंप दी है।
मामला इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेज IET का है, जहां फाइनल ईयर के छात्रों ने हॉस्टल परिसर में जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि कोर्स पूरा होने और कॉलेज छोड़ने से पहले छात्रों ने देर रात जश्न मनाया, जो बाद में बेकाबू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक छात्रों ने हॉस्टल परिसर में शोर-शराबा किया और कई जगह तोड़फोड़ भी की। घटना के दौरान कुछ छात्र अनुचित व्यवहार करते हुए भी नजर आए। पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
घटना के बाद कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर छात्रों की पहचान की जा रही है। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि संस्थान की अनुशासन व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।