देहरादून। उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा इस बार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। यात्रा के शुरुआती 94 दिनों के भीतर ही दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 45 लाख के पार निकल गया है। पिछले साल इसी समयावधि में 41 लाख 47 हजार 540 तीर्थयात्री पहुंचे थे, जिसकी तुलना में इस बार 3.52 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए आ चुके हैं।
आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा 15 लाख 27 हजार 936 भक्तों ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए हैं। पिछले वर्ष यह संख्या 12 लाख 19 हजार 744 थी, यानी इस बार अकेले बद्रीनाथ में ही 3 लाख 8 हजार 192 श्रद्धालु ज्यादा पहुंचे हैं।
19 अप्रैल से शुरू हुई इस यात्रा में अन्य धामों पर भी भक्तों का तांता लगा हुआ है। केदारनाथ में अब तक 14 लाख 11 हजार 861, गंगोत्री में 7 लाख 3 हजार 64 और यमुनोत्री में 6 लाख 47 हजार 447 तीर्थयात्री माथा टेक चुके हैं। इसके अलावा सिख श्रद्धालुओं के पवित्र स्थल हेमकुंड साहिब में भी दर्शन करने वालों की संख्या 2 लाख 10 हजार 896 तक पहुंच गई है।
मानसून के मौसम को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद डिजास्टर मैनेजमेंट की व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सरकार की सबसे पहली प्राथमिकता है। मौसम की चुनौतियों के बाद भी श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। भूस्खलन वाले संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है और आपदा प्रबंधन टीम को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया है।