इंदौर में ‘वंदे मातरम’ विवाद गरमाया, पूछताछ में पार्षद फौजिया अलीम का रुख बदला!

इंदौर। ‘वंदे मातरम’ को लेकर शुरू हुआ विवाद अब नया मोड़ ले चुका है। पहले इसे गाने से इनकार करने वाली कांग्रेस पार्षद फौजिया अलीम ने पुलिस पूछताछ के दौरान अपने पुराने बयान से अलग रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि उन्हें वंदे मातरम से कोई आपत्ति नहीं है और वे स्वयं भी इसे गाती हैं।
फौजिया अलीम अपने पति, बेटी और वकीलों की टीम के साथ थाने पहुंचीं। करीब पांच वकीलों की मौजूदगी के कारण मामला और चर्चा में आया। यहां करीब पांच घंटे तक चली पूछताछ में एसीपी कोतवाली विनोद दीक्षित, थाना प्रभारी विजय सिसोदिया और महिला पुलिस अधिकारियों ने उनसे विस्तार से सवाल-जवाब किए। पुलिस ने भाजपा नेताओं की शिकायत के आधार पर पहले से ही सवालों की सूची तैयार कर रखी थी।

पूछताछ के दौरान बढ़ा तनाव
माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब फौजिया की बेटी ने पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि, अधिकारियों ने सख्ती बरतते हुए स्थिति को संभाल लिया। इसके बाद महिला पुलिस अधिकारियों ने फौजिया को अलग ले जाकर उनके बयान दर्ज किए।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेज कर दी गई है और नगर निगम सम्मेलन के दिन की वीडियो रिकॉर्डिंग की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।

बयान पर उठे सवाल
जब पुलिस ने फौजिया अलीम से पूछा कि उन्होंने वंदे मातरम क्यों नहीं गाया, तो उन्होंने कहा कि वे कार्यक्रम में देर से पहुंचीं, इसलिए इसमें शामिल नहीं हो सकीं। लेकिन जब उन्हें उनका पुराना बयान दिखाया गया, जिसमें उन्होंने गाने से इनकार किया था, तो वे स्पष्ट जवाब देने से बचती नजर आईं।
उन्होंने संविधान का हवाला देते हुए कहा कि किसी पर भी किसी बात के लिए दबाव नहीं डाला जा सकता। इस पर पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान से जुड़ी बातों को हल्के में नहीं लिया जा सकता।

रुबीना खान को भी नोटिस
इस मामले में अब कांग्रेस की एक अन्य पार्षद रुबीना खान को भी पुलिस ने नोटिस जारी किया है। उन्हें भी बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। नगर निगम सम्मेलन के दौरान उनका एक बयान भी विवादों में आया था, जिसमें उन्होंने ‘वंदे मातरम’ को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। हालांकि बाद में उन्होंने इस पर खेद जताया था। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और तथ्य सामने आ सकते हैं।

Leave a Comment