इंदौर। अपराधों पर लगाम लगाने पुलिस लगातार ऑपरेशन क्राइम कंट्रोल, ड्रोन पेट्रोलिंग, जिलाबदर और विशेष निगरानी अभियान चला रही है। इसके बावजूद अपराधों का ग्राफ ऊपर जा रहा है। वर्ष 2026 के पहले सात महीनों के आंकड़े बताते हैं कि शहर में औसतन हर दिन 75 मामले दर्ज हो रहे हैं, जबकि वर्ष 2025 में यह औसत 62 केस प्रतिदिन था। इस साल 1 जनवरी से 31 जुलाई 2026 के बीच शहरी थानों में 15,851 केस दर्ज हुए हैं। हालांकि, पुलिस के पास ऐसे कई मामलों की शिकायतें भी लंबित हैं, जिनमें अभी जांच जारी है और एफआईआर दर्ज होना बाकी है। दर्ज अपराधों के आधार पर बाणगंगा थाना सबसे ऊपर है। यहां 1,695 मामले आए हैं। इसके बाद लसूड़िया 1225, चंदन नगर 937, हीरानगर 808 और भंवरकुआ 785 का स्थान है। वहीं, सबसे कम 125 मामले पंढरीनाथ थाने में दर्ज किए गए हैं।
ऐसे अपराधों में लगातार बढ़ोतरी
शहर में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार सामने आ रही है। इसके अलावा चेन स्नेचिंग, चोरी, साइबर ठगी, हत्या, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और नाबालिगों से छेड़छाड़ जैसे मामलों में भी बढ़े हैं। अपराधों की बढ़ती संख्या ने पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। नियंत्रण के लिए आदतन और निगरानी बदमाशों पर नजर रखना, जिलाबदर, थाना हाजिरी, ड्रोन पेट्रोलिंग भी की जा रही है। ड्रग्स तस्करी रोकने के लिए क्राइम ब्रांच का अभियान लगातार जारी है। पुलिस सिर्फ कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों से संवाद भी कर रही है। नागरिकों को हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और साइबर अपराधों से बचने जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। हाल ही में नशे से दूरी है जरूरी अभियान के माध्यम से बड़े स्तर पर लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया गया। पुलिस आयुक्त संतोष सिंह ने कहा कि अपराधों पर नियंत्रण के लिए कड़ी कार्रवाई कर रहे हैं। कई गंभीर अपराध भी चंद दिनों में पकड़े हैं। लोग भी अपराधियों को पकड़ाने में मदद कर रहे है।
किस थाने में कितने केस
गांधीनगर 442, चंदन नगर 937, बाणगंगा 1695, हीरानगर 808, परदेशीपुरा 425, कनाड़िया 576, अन्नपूर्णा 343, एरोड्रम 493, आजाद नगर 453, भंवरकुआ 785, सेन्ट्रल कोतवाली 138, छोटी ग्वालटोली 130, छत्रीपुरा 248, सराफा 139, संयोगितागंज 329, पंढरीनाथ 125, रावजी बाजार 241, राऊ 456, राजेन्द्र नगर 604, मल्हारगंज 252, एमआईजी 397, तिलक नगर 308, विजयनगर 761, तेजाजी नगर 417, तुकोगंज 373, लसूड़िया 1225, एमजी रोड 369, द्वारकापुरी 556 तथा सदर बाजार 192, जूनी इंदौर 423, पलासिया 222, क्राइम ब्रांच 111, महिला थाना 255 केस दर्ज हैं।