अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में सामने आई नई बातचीत
भोपाल। कटारा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित बागमुगालिया एक्सटेंशन में रहने वाली सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह की बहू ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में अब नई जानकारी सामने आई है। मौत से दो दिन पहले ट्विशा ने अपनी करीबी सहेली को सोशल मीडिया पर दर्द भरा संदेश भेजा था। अब मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
ट्विशा ने अपनी सहेली को भेजे संदेश में लिखा था, ‘मैं फंस गई हूं यार, तू मत फंसना।’ इसके साथ ही उन्होंने यह भी लिखा कि वह ज्यादा बात नहीं कर सकतीं और सही समय आने पर बात करेंगी। अब इस बातचीत को ट्विशा के मायके पक्ष ने पुलिस को सौंपने की तैयारी की है। परिवार का कहना है कि यह संदेश साफ तौर पर बताता है कि वह मानसिक दबाव और तनाव में थीं।
सहेली ने जताई चिंता ट्विशा की सहेली मीनाक्षी ने जवाब में लिखा ‘मुझे तुम्हारी चिंता हो रही है ट्विशा। मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं और तुम्हारे साथ हूं।’ इस बातचीत के सामने आने के बाद परिजनों का कहना है कि ट्विशा लंबे समय से भीतर ही भीतर परेशान चल रही थीं, लेकिन खुलकर अपनी स्थिति नहीं बता पा रही थीं।
नोएडा से भोपाल तक की कहानी
ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। वह तमिल फिल्मों में अभिनेत्री और मॉडल के रूप में काम कर चुकी थीं। जानकारी के अनुसार उनकी पहचान भोपाल निवासी अधिवक्ता समर्थ सिंह से एक परिचय मंच के जरिए हुई थी। समर्थ, सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के बेटे हैं। दोनों ने 9 दिसंबर 2025 को विवाह किया था।
शादी के बाद तनाव के आरोप
मायके पक्ष का आरोप है कि विवाह के कुछ महीनों बाद से ही ट्विशा खुद को ससुराल में असहज और असुरक्षित महसूस करने लगी थीं। परिजनों का कहना है कि नौकरी छोड़ने के बाद उन्हें ‘नाकारा’ कहकर अपमानित किया जाता था। परिवार का यह भी आरोप है कि ट्विशा कई बार मायके लौटना चाहती थीं, लेकिन उन्हें आने नहीं दिया गया। परिजनों के मुताबिक, लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण वह गहरे तनाव में चली गई थीं। अब सामने आई बातचीत को परिवार इस पूरे मामले का महत्वपूर्ण आधार मान रहा है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। ट्विशा शर्मा की मौत के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।