जहां कांग्रेस हारी, वहां बड़े नेता तैनात किए जाएंगे, नेता अपना बूथ संभालेगा, वार्ड से बूथ तक संगठन मजबूत होगा

इंदौर। आगामी चुनावों की तैयारी में जुटी कांग्रेस अब संगठन को वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर काम करेगी। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने घोषणा की कि नगर निगम चुनाव में जिन वार्डों में कांग्रेस को बड़े अंतर से हार मिली थी,वहां अब पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी बनाया जाएगा। साथ ही सभी प्रमुख नेताओं को उनके निवास क्षेत्र के बूथ की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

मतदाता सूची के हर पन्ने का प्रभारी बनाया जाएगा
गांधी भवन में आयोजित वार्ड अध्यक्षों,वार्ड प्रभारियों और महिला वार्ड प्रभारियों की बैठक में पटवारी ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर खड़ा करना समय की जरूरत है। मतदाता सूची के प्रत्येक पन्ने के लिए प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे और हर गली-मोहल्ले तक कांग्रेस की पहुंच बनाई जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नगर निगम के विकास कार्यों की निगरानी करने और किसी भी अनियमितता को जनता के सामने लाने का आह्वान किया।

नेताओं ने कई सुझाव दिए
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने की बात कही। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल ने एक वार्ड को गोद लेकर उसे कांग्रेस के लिए मजबूत बनाने की घोषणा की। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने कहा कि जनता की उम्मीदें कांग्रेस से जुड़ी हैं, इसलिए मजबूत संगठन के साथ जनता के बीच सक्रिय रहना होगा। बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे सहित कई नेताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की।

Leave a Comment