इंदौर का खजराना मंदिर 13 सितंबर को रातभर खुलेगा, 10 दिनों तक रोज शाम को गणेश जी को 11 हजार लड्डुओं का भोग!

इंदौर का खजराना मंदिर 13 सितंबर को रातभर खुलेगा, 10 दिनों तक रोज शाम को गणेश जी को 11 हजार लड्डुओं का भोग!

इंदौर। गणेश चतुर्थी को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। पंडालों में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारी चल रही है। इसी बीच खजराना गणेश मंदिर में भी गणेशोत्सव की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। मंदिर में भगवान के श्रृंगार, सजावट, प्रसाद, भोग, रोशनी और श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था के साथ सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं।
गणेशोत्सव की शुरुआत 14 सितंबर को सुबह 10 बजे ध्वजा पूजन के साथ होगी। कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त एवं मंदिर प्रशासक क्षितिज सिंघल ध्वजा पूजन करेंगे। इसके बाद 10 दिन तक मंदिर में विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। भगवान गणेश को इस बार भी सवा लाख मोदकों का महाभोग लगाया जाएगा। मंदिर परिसर में मोदक बनाने का काम जल्द शुरू होगा।

हरतालिका तीज पर 24 घंटे दर्शन
गणेशोत्सव से एक दिन पहले 13 सितंबर को हरतालिका तीज है। इस अवसर पर खजराना गणेश मंदिर रातभर भक्तों के लिए खुला रहेगा। मुख्य पुजारी पंडित अशोक भट्ट ने बताया कि श्रद्धालु हरतालिका तीज पर 24 घंटे भगवान गणेश के दर्शन कर सकेंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर में विशेष व्यवस्था की गई हैं।

11 हजार लड्डुओं का भोग लगेगा
गणेशोत्सव के दौरान भगवान गणेश को सवा लाख मोदक अर्पित किए जाएंगे। इसके अलावा 10 दिनों तक शाम की आरती के समय 11 हजार लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। इसमें सोंठ, सूखे मेवे, उड़द सहित अलग-अलग प्रकार के लड्डू शामिल होंगे। आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।

6 करोड़ के आभूषण पहनेंगे
गणेशोत्सव के 10 दिनों में भगवान गणेश का रोज अलग स्वरूप में श्रृंगार किया जाएगा। इस दौरान 6 करोड़ रुपए से अधिक कीमत के स्वर्ण आभूषण भगवान को पहनाए जाएंगे। मंदिर प्रबंधन के अनुसार इन आभूषणों को कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर लाया जाता है और फिर भगवान का श्रृंगार किया जाता है। गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान के अलग-अलग स्वरूपों के दर्शन होंगे।

कैमरों से निगरानी, सुरक्षा गार्ड
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर में दर्शन व्यवस्था में भी बदलाव किए गए हैं। गर्भगृह के मुख्य द्वार को पहले ही चौड़ा किया जा चुका है। मंदिर के सामने बने सभामंडप को भी डेढ़ फीट नीचे किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन में सुविधा होगी। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए जिक-जैक रेलिंग भी बढ़ाई जाएगी। पूरे मंदिर परिसर पर 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में 4 थानों का पुलिस बल तैनात रहेगा। मंदिर प्रबंधन समिति के 30 सुरक्षा गार्ड सामान्य दिनों में व्यवस्था संभालते हैं, जबकि गणेशोत्सव के दौरान इनकी संख्या बढ़ाकर 100 कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM