‘नीट’ परीक्षार्थियों को राहत: इंदौर-भोपाल और बांद्रा मार्ग पर चलेंगी विशेष ट्रेनें !

इंदौर। नीट परीक्षा के दौरान यात्रियों और अभ्यर्थियों की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष किराये पर दो स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों का लाभ मध्यप्रदेश के साथ-साथ महाराष्ट्र और गुजरात जाने वाले यात्रियों को भी मिलेगा। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के अनुसार इंदौर-भोपाल-रतलाम तथा डॉ. अम्बेडकर नगर-बांद्रा टर्मिनस के बीच विशेष सेवाएं संचालित की जाएंगी।

इंदौर से भोपाल स्पेशल
इंदौर से भोपाल के लिए ट्रेन संख्या 09354 स्पेशल 20 जून 2026 को सुबह 11.25 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन फतेहाबाद चंद्रावतीगंज, बड़नगर, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर और सीहोर होते हुए शाम 7 बजे भोपाल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09353 उसी दिन भोपाल से शाम 7.40 बजे चलेगी और सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, उज्जैन तथा नागदा होते हुए अगले दिन रात 12.55 बजे रतलाम पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार यह सेवा दोनों दिशाओं में प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी, हालांकि वापसी यात्रा में ट्रेन फतेहाबाद चंद्रावतीगंज और बड़नगर नहीं जाएगी। इस ट्रेन में स्लीपर और जनरल सेकेंड क्लास कोच उपलब्ध रहेंगे।

डॉ अम्बेडकर नगर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल
इसके अलावा ट्रेन संख्या 09352 डॉ अम्बेडकर नगर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल 19 जून 2026 को रात 11 बजे डॉ. अम्बेडकर नगर से रवाना होगी। यह इंदौर, उज्जैन, रतलाम और दाहोद होते हुए अगले दिन दोपहर 3.40 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09351 बांद्रा टर्मिनस से 20 जून को शाम 6.20 बजे चलेगी और दाहोद, रतलाम, उज्जैन तथा इंदौर होते हुए अगले दिन सुबह 11.30 बजे डॉ. अम्बेडकर नगर पहुंचेगी।
यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में इंदौर, उज्जैन, रतलाम, दाहोद, गोधरा, छायापुरी, भरूच, अंकलेश्वर, सूरत, नवसारी, बिलिमोरा, वलसाड, वापी, पालघर और बोरीवली सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहरेगी। इसमें भी स्लीपर तथा जनरल सेकेंड क्लास कोच लगाए जाएंगे। रेलवे प्रशासन ने बताया कि ट्रेन संख्या 09354, 09352 और 09351 के लिए आरक्षण सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

Leave a Comment