दुनिया की सबसे बड़ी पक्षी प्रतिमा! केरल की इस पहाड़ी को जटायु से जोड़ती है रामायण की कथा
रामायण में जटायु का नाम साहस और बलिदान की मिसाल के तौर पर लिया जाता है। माता सीता को रावण के चंगुल से बचाने के लिए जटायु ने अपनी जान की परवाह किए बिना उससे युद्ध किया था। इसी पौराणिक प्रसंग को याद दिलाता है केरल का जटायु अर्थ्स सेंटर, जहां एक विशाल चट्टानी पहाड़ी पर जटायु की भव्य प्रतिमा बनाई गई है। यह जगह अपनी खूबसूरती के साथ रामायण से जुड़ी मान्यताओं के कारण भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है।
300 फीट की ऊंचाई पर विराजमान है विशाल प्रतिमा
केरल के कोल्लम जिले के चडयमंगलम में स्थित जटायु अर्थ्स सेंटर अपनी अनोखी बनावट के लिए मशहूर है। यहां पहाड़ी की चोटी पर जटायु की विशाल प्रतिमा बनाई गई है। करीब 200 फीट लंबी, 150 फीट चौड़ी और 70 फीट ऊंची यह कलाकृति दुनिया की सबसे बड़ी पक्षी प्रतिमाओं में गिनी जाती है।
रावण से युद्ध में कट गए थे जटायु के पंख
रामायण की कथा के अनुसार, जब रावण माता सीता का हरण कर उन्हें लंका ले जा रहा था, तब जटायु ने उसका रास्ता रोक लिया। उन्होंने माता सीता को बचाने के लिए रावण से युद्ध किया। काफी संघर्ष के बाद रावण ने तलवार से उनके पंख काट दिए और जटायु पहाड़ी पर गिर पड़े।
कथा के अनुसार, घायल अवस्था में भी जटायु ने भगवान श्रीराम का इंतजार किया। जब श्रीराम वहां पहुंचे तो उन्होंने माता सीता के अपहरण की पूरी जानकारी दी।
10 साल में तैयार हुई यह अद्भुत कलाकृति
जटायु अर्थ्स सेंटर की परिकल्पना प्रसिद्ध मूर्तिकार और फिल्म निर्माता राजीव अंचल ने की थी। इस विशाल परियोजना को पूरा करने में करीब 10 साल लगे। वर्ष 2018 में इसे पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। प्रतिमा में जटायु को घायल अवस्था में दिखाया गया है, जो उनके बलिदान की कहानी को जीवंत करती है।
कैसे पहुंचें जटायु अर्थ्स सेंटर?
यह स्थान कोल्लम से करीब 38 किलोमीटर और तिरुवनंतपुरम से लगभग 50 किलोमीटर दूर है। यहां पहुंचने के लिए तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, रेल से आने वाले पर्यटक कोल्लम जंक्शन या तिरुवनंतपुरम सेंट्रल पहुंचकर बस या टैक्सी से चडयमंगलम जा सकते हैं।
यहां आने वाले पर्यटकों को प्राकृतिक नजारों के साथ भारतीय पौराणिक कथाओं से जुड़ी एक अनोखी विरासत देखने का मौका मिलता है।

Leave a Reply