पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ करने की तैयारी, मंत्रिमंडल ने दी मंजूरी, 9 दिसंबर को विधानसभा में रखेंगे प्रस्ताव!

पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ करने की तैयारी, मंत्रिमंडल ने दी मंजूरी, 9 दिसंबर को विधानसभा में रखेंगे प्रस्ताव!

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पहचान से जुड़ा राज्य के नाम का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ करने की पहल की है। खास बात यह है कि अब अंग्रेजी में भी राज्य का नाम वेस्ट बंगाल की जगह ‘पश्चिम बंग’ ही लिखे जाने का प्रस्ताव है। राज्य मंत्रिमंडल ने इस संबंध में अपनी सहमति दे दी है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि 9 दिसंबर को विधानसभा में नाम बदलने का प्रस्ताव पेश किया जाएगा। हालांकि, विधानसभा की मंजूरी के बाद भी नाम परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी नहीं होगी। इसके लिए केंद्र सरकार की सहमति और संसद से कानून पारित होना आवश्यक है।

नए नाम का संबंध गठन और विभाजन के इतिहास से
कोलकाता स्थित राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के नाम का सवाल केवल प्रशासनिक बदलाव तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका संबंध बंगाल के गठन और विभाजन के इतिहास से भी है। उन्होंने 20 जून 1947 की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी दौर में विभाजन के बाद पश्चिम बंगाल का गठन हुआ था। इसलिए राज्य के नाम को लेकर नए सिरे से विचार करना जरूरी है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रस्ताव में अंग्रेजी में भी राज्य का नाम ‘पश्चिम बंग’ रखने की बात शामिल है। 9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव लाया जाएगा। वहां से आगे की कार्रवाई के लिए इसे भारत सरकार के पास भेजा जाएगा। अंतिम निर्णय संसद को लेना होगा।

नाम बदलने का अधिकार संसद के पास
संविधान के अनुच्छेद 3 में राज्यों के नाम और सीमाओं में बदलाव का प्रावधान है। इसके तहत किसी राज्य का नाम बदलने के लिए संसद को कानून बनाना पड़ता है। इस प्रक्रिया में संबंधित राज्य की विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाता है। इसके बाद राष्ट्रपति की सिफारिश पर विधेयक संसद में पेश किया जाता है। दोनों सदनों से पारित होने और राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद ही नाम परिवर्तन कानूनी रूप से प्रभावी होता है। इसलिए मंत्रिमंडल और विधानसभा की सहमति इस दिशा में शुरुआती कदम भर है।

पहले भी दो बार अटक चुका है मामला
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की मांग नई नहीं है। पिछले डेढ़ दशक में इस दिशा में दो बार कोशिश की जा चुकी है, लेकिन दोनों ही बार मामला आगे नहीं बढ़ सका। वर्ष 2011 में राज्य का नाम ‘पश्चिम बंग’ या ‘पश्चिम बंगो’ रखने का प्रस्ताव सामने आया था। हालांकि, केंद्र सरकार से इसे मंजूरी नहीं मिली।

ममता सरकार ने भी कोशिश की
इसके बाद तत्कालीन ममता बनर्जी सरकार ने फिर नाम परिवर्तन की पहल की। वर्ष 2016 से 2018 के बीच राज्य सरकार ने ‘बांग्ला’ नाम रखने का विकल्प तैयार किया। जुलाई 2018 में विधानसभा ने इस संबंध में प्रस्ताव भी पारित कर दिया था। इसके बावजूद केंद्र सरकार की मंजूरी नहीं मिलने से योजना अधूरी रह गई।
अब मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सरकार ने एक बार फिर इस पुराने मुद्दे को आगे बढ़ाया है। इस बार प्रस्ताव में अंग्रेजी नाम को भी बदलकर ‘पश्चिम बंग’ करने की बात कही गई है। 9 दिसंबर को विधानसभा में होने वाली चर्चा के बाद यह साफ होगा कि राज्य सरकार इस प्रस्ताव को किस तरह आगे बढ़ाती है। हालांकि, पहले के अनुभवों को देखते हुए नाम बदलने की राह में केंद्र और संसद की भूमिका सबसे अहम रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM