India vs West Indies T20: 140 मिनट में बिके Indore Match के टिकट, जानिए कीमत

इंदौर। होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह टिकट बिक्री शुरू होते ही नजर आया। शुक्रवार सुबह 6 बजे ऑनलाइन बिक्री शुरू होने के बाद महज 2 घंटे 20 मिनट में सभी सामान्य टिकट बिक गए।

सबसे पहले ईस्ट गैलरी के टिकट खत्म हुए। इसके बाद वेस्ट गैलरी और पवेलियन की सीटें भी तेजी से भरती चली गईं। सुबह 8 बजकर 20 मिनट तक सामान्य श्रेणी के सभी टिकटों की बिक्री पूरी हो चुकी थी।मुकाबले को लेकर इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों में पहले से ही खासा उत्साह है। टिकटों की बिक्री शुरू होने के साथ बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने ऑनलाइन बुकिंग की। शुरुआती 2 घंटे में जिस तेजी से टिकट बिके, उससे मैच के प्रति दर्शकों की दिलचस्पी साफ नजर आई। सामान्य गैलरी के टिकट उपलब्ध होने के बाद ईस्ट और वेस्ट दोनों गैलरी की सीटें तेजी से भर गईं और इसके बाद पवेलियन के टिकट भी समाप्त हो गए।

कीमत एक से साढ़े 12 हजार
मैच के लिए अलग-अलग श्रेणियों में टिकटों के दाम तय किए गए हैं। ईस्ट और वेस्ट सामान्य गैलरी के टिकट 1,000 से 1,800 रुपए तक रखे गए हैं। पवेलियन के टिकटों की कीमत 5,500 से 8,500 रुपए तक है। वहीं आतिथ्य श्रेणी के टिकट 11,000 और 12,500 रुपए तक हैं। एक दर्शक अधिकतम 4 टिकट खरीद सकता है।

छात्रों को 1000 टिकट
छात्रों और विशेष रूप से दिव्यांग दर्शकों के लिए रियायती टिकटों की प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी गई थी। छात्र कोटे के लिए करीब 1,200 पंजीयन कुछ ही समय में हो गए। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद इनमें से करीब 1,000 छात्रों को टिकट दिए जाने हैं। सामान्य टिकटों की ऑनलाइन बिक्री पूरी होने के बाद अब उपलब्धता मांग के हिसाब से बदल रही है।