6 राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त, सुधा यादव और ढाल सिंह बिसेन को मिली जिम्मेदारी

6 राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त, सुधा यादव और ढाल सिंह बिसेन को मिली जिम्मेदारी

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 6 राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल, जबकि केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु भेजा गया है। इसके अलावा ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक, डॉ. ढालसिंह बिसेन को उत्तराखंड और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर मार्च से ही तमिलनाडु के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। तत्कालीन राज्यपाल आरएन रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाए जाने के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब राष्ट्रपति के आदेश के बाद अर्लेकर तमिलनाडु के नियमित राज्यपाल होंगे। गोवा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष अर्लेकर हिमाचल प्रदेश और बिहार के राज्यपाल के रूप में भी काम कर चुके हैं।

उनकी जगह ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल बनाया गया है। राजस्थान से पूर्व राज्यसभा सांसद माथुर ने जुलाई 2024 में सिक्किम के राज्यपाल का पद संभाला था। अब उनकी जगह भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद दुष्यंत गौतम सिक्किम की जिम्मेदारी संभालेंगे।

ओडिशा में पलामू से पूर्व लोकसभा सांसद ब्रज मोहन राम को राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह हरि बाबू कंभमपति का स्थान लेंगे, जिन्होंने जनवरी 2025 में ओडिशा के राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। कर्नाटक में महेंद्रगढ़ से पूर्व भाजपा सांसद और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की पूर्व सदस्य डॉ. सुधा यादव को राज्यपाल बनाया गया है। वह थावरचंद गहलोत की जगह लेंगी। वहीं, मध्य प्रदेश के बालाघाट से पूर्व लोकसभा सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे।

राष्ट्रपति की इन नियुक्तियों से 6 राज्यों के राजभवनों में नेतृत्व परिवर्तन होगा। इनमें कुछ राज्यपालों को नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अन्य राज्यों में नए चेहरों को संवैधानिक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM