शिवराज के बेटे कार्तिकेय की खेल राजनीति में एंट्री, वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष बने, हर गांव और युवाओं तक खेल पहुंचाने की तैयारी!

शिवराज के बेटे कार्तिकेय की खेल राजनीति में एंट्री, वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष बने, हर गांव और युवाओं तक खेल पहुंचाने की तैयारी!

भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान ने खेल राजनीति में कदम बढ़ा दिया है। उन्हें मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। रविवार को हुए चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया। उनका कार्यकाल 2026 से 2030 तक रहेगा।

चुनाव प्रक्रिया में संघ से जुड़े 33 जिला संघों ने हिस्सा लिया। सभी जिला प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्तिकेय को अध्यक्ष चुना गया। विधायक आशीष शर्मा को संघ का उपाध्यक्ष बनाया गया है। कार्तिकेय ने पद संभालने के बाद सोशल मीडिया मंच एक्स पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि संघ के पदाधिकारियों और जिला प्रतिनिधियों ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

हर जिले में वॉलीबॉल को बढ़ावा देने की तैयारी

कार्तिकेय ने कहा कि उनकी प्राथमिकता वॉलीबॉल को प्रदेश के हर गांव और युवा तक पहुंचाना है, ताकि नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिल सके। इसके लिए मध्य प्रदेश वॉलीबॉल खेल नीति 2026 का प्रारूप तैयार किया जाएगा। साथ ही, प्रत्येक जिले में इस खेल को बढ़ावा देने के लिए ठोस योजना बनाई जाएगी।

मुख्य राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं कार्तिकेय

कार्तिकेय सिंह चौहान लंबे समय से मुख्य राजनीति में अपनी जगह बनाने की कोशिश करते रहे हैं। बुधनी विधानसभा क्षेत्र में उनकी सक्रियता भी चर्चा में रही है। वे क्षेत्र में क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करवाते रहे हैं। हालांकि, पिता शिवराज सिंह चौहान के लिए सीट खाली होने के बाद भी पार्टी ने उन्हें चुनाव लड़ने का मौका नहीं दिया था। उस समय उनकी निराशा भी सामने आई थी। अब खेल संगठन की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी भूमिका का दायरा बढ़ा है।

नेताओं के बेटों की खेल संगठनों में बढ़ती भूमिका

मध्य प्रदेश में राजनीतिक परिवारों से जुड़े युवाओं का खेल संगठनों में आना नया नहीं है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया भी मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अब कार्तिकेय सिंह चौहान के वॉलीबॉल संघ का अध्यक्ष बनने से इस कड़ी में एक और नाम जुड़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM